नयी दिल्ली, 31 जुलाई (भाषा) देश के सात प्रमुख शहरों में 2026 की पहली छमाही में अपार्टमेंट बिक्री सालाना आधार पर तीन प्रतिशत बढ़कर 1,38,382 इकाई रही। बेंगलुरु में सबसे अधिक 35,017 अपार्टमेंट की बिक्री हुई। मुख्य रूप से बेहतर मांग और नई आपूर्ति में वृद्धि से अपार्टमेंट की बिक्री बढ़ी है। संपत्ति सलाहकार कंपनी जेएलएल ने यह जानकारी दी।
आंकड़ों के अनुसार, देश के आवासीय बाजार ने इस साल की पहली छमाही (जनवरी-जून) में मजबूती दिखाई। सात प्रमुख शहरों में आवासों की बिक्री सालाना आधार पर तीन प्रतिशत बढ़कर 1,38,382 इकाई रही।
इन सात शहरों में मुंबई, दिल्ली-एनसीआर, बेंगलुरु, चेन्नई, पुणे, हैदराबाद और कोलकाता शामिल हैं।
मुंबई में मुंबई शहर, मुंबई उपनगर, ठाणे शहर और नवी मुंबई शामिल हैं, जबकि दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और सोहना शामिल हैं।
आंकड़ों में केवल अपार्टमेंट को शामिल किया गया है। रो-हाउस, विला और भूखंड आधारित परियोजनाओं को इसमें शामिल नहीं किया गया है।
जेएलएल ने कहा कि जनवरी-जून अवधि में बेंगलुरु अपार्टमेंट की बिक्री सालाना आधार पर 16 प्रतिशत बढ़कर 35,017 इकाई हो गई, जो व्यापक चुनौतियों के बावजूद बाजार की मजबूती को दर्शाता है। इस दौरान नए फ्लैट की आपूर्ति भी 41 प्रतिशत बढ़कर 48,748 इकाई हो गई।
जेएलएल इंडिया में आवासीय सेवाओं के प्रमुख शिवा कृष्णन ने कहा कि लगातार शहरीकरण, बुनियादी ढांचा विकास और बढ़ती आकांक्षाओं के कारण आवास बाजार के बुनियादी कारक मजबूत बने हुए हैं और यही मकान खरीदने के फैसलों को बढ़ावा दे रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘ एक से तीन करोड़ रुपये के आवासों की बिक्री में सालाना आधार पर 58 प्रतिशत की वृद्धि विशेष रूप से उत्साहजनक है। इससे पता चलता है कि खरीदार बेहतर स्थानों पर स्थित प्रीमियम परियोजनाओं में दीर्घकालिक मूल्य को देखते हुए निवेश करने के लिए अधिक तैयार हैं।’’
जेएलएल के अनुसार, जनवरी-जून 2026 के दौरान सात प्रमुख शहरों में नए आवासों की आपूर्ति सालाना आधार पर नौ प्रतिशत बढ़कर 1,68,507 इकाई हो गई।
भाषा निहारिका रमण
रमण