नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) अपोलो टायर्स लिमिटेड का वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ तीन गुना से अधिक होकर 630.97 करोड़ रुपये रहा है।
कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष-2024-25 की समान तिमाही में 184.62 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ अर्जित किया था।
अपोलो टायर्स ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में कंपनी की एकीकृत परिचालन आय बढ़कर 7,335.67 करोड़ रुपये हो गई, जो 2024-25 की समान तिमाही में 6,423.59 करोड़ रुपये थी।
कंपनी ने कहा कि उसने वित्त अधिनियम 2026 के तहत रियायती कर व्यवस्था अपनाने का फैसला किया है। इसके तहत कंपनी पर लागू कर दर पहले के 34.94 प्रतिशत से घटकर 25.17 प्रतिशत हो जाएगी और उसे न्यूनतम वैकल्पिक कर (एमएटी) से भी छूट मिलेगी।
कंपनी ने घटी हुई कर दर के आधार पर अपनी स्थगित कर देनदारियों का पुनर्मूल्यांकन किया, जिससे उसे 573.67 करोड़ रुपये का सकारात्मक प्रभाव मिला।
समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी का कुल खर्च बढ़कर 6,753.36 करोड़ रुपये हो गया, जो वित्त वर्ष- 2024-25 की समान तिमाही में 6,072.67 करोड़ रुपये था।
कंपनी के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए एक रुपये अंकित मूल्य वाले प्रत्येक शेयर पर 2.50 रुपये के अंतिम लाभांश की सिफारिश की है।
यह आगामी वार्षिक आम बैठक में शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन होगा। यह वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान घोषित और वितरित 3.50 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम लाभांश के अतिरिक्त है।
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ बढ़कर 1,372.42 करोड़ रुपये रहा, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 1,121.32 करोड़ रुपये था।
पूरे वित्त वर्ष में एकीकृत परिचालन आय बढ़कर 28,470.6 करोड़ रुपये हो गई, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 26,123.42 करोड़ रुपये थी।
भाषा योगेश अजय
अजय