अपीलीय न्यायाधिकरण ने ‘रिलायंस’ ब्रांड को लेकर दायर अपील का निपटान किया
अपीलीय न्यायाधिकरण ने ‘रिलायंस’ ब्रांड को लेकर दायर अपील का निपटान किया
नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय कंपनी विधि अपीलीय न्यायाधिकरण (एनसीएलएटी) ने रिलायंस कैपिटल के लिए ‘रिलायंस’ ब्रांड नाम के उपयोग के खिलाफ अनिल धीरूभाई अंबानी वेंचर्स प्राइवेट लि. की अपील का निपटान कर दिया है। यह अपील हिंदुजा समूह की कंपनी इंडसइंड इंटरनेशनल होल्डिंग्स लि. के रिलायंस कैपिटल का अधिग्रहण किए जाने के बाद दायर की गई थी।
इंडसइंड इंटरनेशनल होल्डिंग्स लि. (आईआईएचएल) की ओर से पेश वकील ने दिवाला अपीलीय न्यायाधिकरण के समक्ष कहा कि अनिल धीरूभाई अंबानी वेंचर्स प्राइवेट लि. (एडीएवीएल) की शिकायत का समाधान कर दिया गया है और इस संबंध में एक हलफनामा दाखिल किया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘कंपनी का नाम बदल दिया गया है और इसे ‘रिलायंस कैपिटल लि.’ से बदलकर ‘इंडसइंड’ कर दिया गया है। इस संबंध में हलफनामा भी 11 सितंबर, 2026 को इस अपीलीय न्यायाधिकरण के सात सितंबर, 2026 के आदेश के अनुपालन में दाखिल किया गया है।’’
अपीलीय न्यायाधिकरण ने अपने आदेश में कहा कि एडीएवीएल ने भी इसकी पुष्टि की और उसके वकील ने स्वीकार किया कि अपील में अब कुछ भी विचार करने के लिए बाकी नहीं है। ‘‘ऐसे में याचिका का अब कोई मतलब नहीं होने के कारण इसे खारिज किया जा सकता है।’’
न्यायाधिकरण ने कहा, ‘‘दोनों पक्षों की बातों पर गौर करने के बाद अपील को निष्प्रभावी होने के कारण खारिज किया जाता है।’’
एडीएवीएल ने कंपनी ऋण शोधन समाधान प्रक्रिया (सीआईआरपी) के जरिये रिलायंस कैपिटल के अधिग्रहण के बाद ‘रिलायंस’ ट्रेडमार्क के इस्तेमाल पर रोक लगाने का निर्देश देने का आग्रह किया था।
राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) की मुंबई पीठ ने अक्टूबर, 2024 में उसकी याचिका खारिज कर दी थी। उसके बाद एडीएवीएल ने अपीलीय न्यायाधिकरण का रुख किया।
आईआईएचएल ने अक्टूबर, 2025 में हुई सुनवाई के दौरान अपीलीय न्यायाधिकरण को बताया था कि ब्रांड नाम बदलने की प्रक्रिया चल रही है और इसके जल्द पूरा होने की संभावना है।
रिलायंस कैपिटल को संचालन संबंधी खामियों और भुगतान में चूक के कारण नवंबर, 2021 में रिजर्व बैंक द्वारा नियुक्त प्रशासक के अधीन रखा गया था। केंद्रीय बैंक ने एक प्रशासक नियुक्त किया था, जिसने फरवरी, 2022 में कंपनी के लिए बोलियां आमंत्रित की थीं।
हिंदुजा समूह की कंपनी आईआईएचएल अप्रैल, 2023 में 9,650 करोड़ रुपये की पेशकश के साथ सफल समाधान आवेदक के रूप में उभरी थी। इसके बाद उसने रिलायंस जनरल इंश्योरेंस कंपनी लि. की वित्तीय स्थिति मजबूत करने के लिए बोली राशि के अलावा 200 करोड़ रुपये की अतिरिक्त पूंजी डाली थी।
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


