ऐप्रो ग्लोबल ने निवेशकों से जुटाए 40 करोड़ रुपये
ऐप्रो ग्लोबल ने निवेशकों से जुटाए 40 करोड़ रुपये
नयी दिल्ली, 22 सितंबर (भाषा) सौर ऊर्जा समाधान उपलब्ध कराने वाली कंपनी ऐप्रो ग्लोबल ने विभिन्न निवेशकों से 40 करोड़ रुपये जुटाए हैं।
कंपनी ने मंगलवार को बयान में कहा कि पूंजी जुटाने में विभिन्न संस्थागत निवेशकों, पारिवारिक निवेश कार्यालयों और प्रमुख व्यक्तिगत निवेशकों ने हिस्सा लिया। कंपनी शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने की तैयारी कर रही है।
सौर ऊर्जा समाधान, इन्वर्टर, बैटरी और ऊर्जा भंडारण प्रणालियों के क्षेत्र में काम करने वाली ऐप्रो ग्लोबल ने कहा कि जुटाई गई नई पूंजी का उपयोग विनिर्माण क्षमता बढ़ाने, प्रौद्योगिकी क्षमता को मजबूत करने और देश में तेजी से बढ़ रहे नवीकरणीय ऊर्जा में मौजूदगी बढ़ाने के लिए किया जाएगा।
कंपनी के प्रबंध निदेशक जगदीप चौहान ने कहा, ‘‘इस पूंजी से हमारी वित्तीय स्थिति मजबूत होगी और हमें विनिर्माण क्षमता बढ़ाने, प्रौद्योगिकी क्षमताओं को मजबूत करने तथा तेजी से बढ़ते इस बाजार में अवसरों का लाभ उठाने में मदद मिलेगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम वित्त वर्ष 2027-28 में आरंभिक सार्वजनिक निर्गम लाने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं और इसकी तैयारी के लिए प्रमुख प्रबंधकों तथा संभावित निवेशकों के साथ बातचीत कर रहे हैं।’’
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


