नयी दिल्ली, तीन अप्रैल (भाषा) अरबपति गौतम अदाणी ने शुक्रवार को कहा कि उनके समूह की बंदरगाह इकाई एपीएसईजेड ने वर्ष 2030 तक एक अरब टन माल की ढुलाई का लक्ष्य तय किया है।
अदाणी का यह बयान अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन (एपीएसईजेड) के 50 करोड़ टन माल ढुलाई की उपलब्धि के बाद आया है।
इस अवसर पर अदाणी समूह के चेयरमैन अदाणी ने कहा कि समूह का बंदरगाह नेटवर्क अब भारत और विदेशों में 20 बंदरगाहों के एकीकृत सिस्टम के रूप में विकसित हो चुका है, जिससे यह व्यापार एवं लॉजिस्टिक गतिविधियों का एक प्रमुख आधार बन गया है।
उन्होंने कहा कि एपीएसईजेड का लॉजिस्टिक एवं समुद्री सेवाओं का कारोबार अगले पांच वर्षों में पांच गुना होने की उम्मीद है क्योंकि भारत ऐसे चरण में प्रवेश कर रहा है जहां लॉजिस्टिक क्षमता आर्थिक वृद्धि का रणनीतिक वाहक बनेगी।
अदाणी ने कहा कि यह उपलब्धि समूह की उस रणनीति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिसके तहत वह देश की बढ़ती व्यापारिक और औद्योगिक मांग के अनुरूप बुनियादी ढांचा क्षमता का विस्तार कर रहा है।
विस्तार की गति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कंपनी को पहले 10 करोड़ टन माल की ढुलाई तक पहुंचने में 16 साल लग गए थे लेकिन इसके बाद वृद्धि तेज हुई और हाल के 20 करोड़ टन माल केवल चार वर्षों में जोड़े गए।
उन्होंने बताया कि कंपनी ने कार्य निष्पादन में सुधार के लिए संगठनात्मक बदलाव किए हैं, जिनमें निर्णय प्रक्रिया को परिचालन स्तर के करीब लाने के लिए तीन-स्तरीय संरचना अपनाना शामिल है।
अदाणी ने कहा कि कंपनी दीर्घकालिक वृद्धि के लिए अपनी अगली कतार के कर्मचारियों और भागीदारों की भूमिका को मजबूत कर रही है।
उन्होंने 50 करोड़ टन मालवहन की उपलब्धि को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस स्तर की उपलब्धियां केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं होतीं, बल्कि दीर्घकालिक दृष्टि और क्षमता निर्माण को भी दर्शाती हैं।
भाषा राजेश राजेश प्रेम
प्रेम