UP Crime News/Image Source- IBC24
UP Crime News: कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र में पैसे देने से इनकार करने पर कथित तौर पर एक युवक ने अपनी भाभी पर फावड़े से हमला कर दिया, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस के अनुसार यह घटना हाटा नगर के सहबाजपुर वार्ड में बुधवार को हुई और लहूलुहान हालत में महिला को एम्स गोरखपुर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान गुरुवार की रात उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस के अनुसार जिले के हाटा नगर क्षेत्र की सुनीता (35) बुधवार शाम को छह बजे घर के कामकाज में व्यस्त थीं, तभी उसके देवर बृजमोहन उर्फ डब्लू (32) ने पैसे मांगे। पैसे न होने की बात कह सुनीता ने इनकार कर दिया। बताया जा रहा कि इससे नाराज होकर बृजमोहन बाहर आया और फावड़ा लेकर तेजी से घर के भीतर गया और कोई कुछ समझ पाता, (UP Crime News) इससे पहले उसने सुनीता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के घरों के लोग आए तो सुनीता को खून से लथपथ पड़ा देख निजी साधन से एम्स गोरखपुर ले जाया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
अगली सुबह शुक्रवार को मौके पर पहुंचे हाटा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। दुबे ने रोजगार के सिलसिले में गुजरात गए सुनीता के पति ओमप्रकाश सिंह से बात कर जानकारी ली। गांव के लोगों के अनुसार चार माह पूर्व ही ओमप्रकाश गुजरात गया था। (UP Crime News) पुलिस के अनुसार आरोपी बृजमोहन मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। बृजमोहन के पिता हिरामन सिंह बुधवार को ही उसे दिखाने गोरखपुर ले गए थे। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम गोरखपुर में हो रहा है और तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज करके अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
इन्हे भी पढ़ें:-