वॉशिंगटन, तीन अप्रैल (एपी) अमेरिकी नियोक्ताओं ने पिछले महीने आश्चर्यजनक रूप से 1.78 लाख नई नौकरियां जोड़ीं, जिससे फरवरी की कमजोर स्थिति से उबरने में मदद मिली और बेरोजगारी दर घटकर 4.3 प्रतिशत रह गई।
श्रम विभाग ने शुक्रवार को बताया कि नियुक्तियों में यह उछाल फरवरी में 1.33 लाख नौकरियों के नुकसान के बाद वापसी का संकेत है। नौकरियों में हुई यह वृद्धि अर्थशास्त्रियों के अनुमान से लगभग तीन गुना अधिक रही।
बेरोजगारी दर फरवरी की 4.4 प्रतिशत से घटकर मार्च में 4.3 प्रतिशत हो गई। इसका एक कारण यह भी है कि मार्च में काम कर रहे और नौकरी की तलाश करने वाले लोगों की संख्या 3,96,000 कम हो गई, जिससे नौकरी के लिए प्रतिस्पर्धा कम हुई।
स्वास्थ्य देखभाल कंपनियों ने 76,400 नई नौकरियां बनाई। फैक्टरियों में 15,000 नई नौकरियां बनीं, हालांकि पिछले 16 महीनों में 14 महीनों में नौकरियों में गिरावट रही। निर्माण कंपनियों ने 26,000 नई नौकरियां दीं, संभवतः इसका एक कारण पिछले महीने का गर्म मौसम भी रहा।
औसत प्रति घंटा मजदूरी फरवरी की तुलना में 0.2 प्रतिशत और मार्च 2025 की तुलना में 3.5 प्रतिशत बढ़ी। यह वृद्धि अमेरिकी फेडरल रिजर्व के दो प्रतिशत वार्षिक मुद्रास्फीति लक्ष्य के अनुरूप है।
पिछले एक साल में अमेरिकी रोजगार बाजार सुस्त रहा है और ईरान में युद्ध ने आगे का परिदृश्य प्रभावित किया है। अधिकांश अर्थशास्त्रियों का कहना है कि युद्ध और बढ़ती ऊर्जा कीमतों का असर मार्च के आंकड़ों में पूरी तरह दिखाई नहीं दिया।
जेफरीज के मुख्य अमेरिकी अर्थशास्त्री थॉमस साइमन्स ने कहा कि आंकड़े ज्यादातर पिछली गतिविधियों पर आधारित है और हाल ही में ऊर्जा कीमतों में वृद्धि या ईरान युद्ध से जुड़े जोखिमों को इसमें शामिल नहीं किया गया है।
भाषा योगेश पाण्डेय
पाण्डेय