अतानु चक्रवर्ती को एचडीएफसी बैंक से पारिश्रमिक के रूप में 1.07 करोड़ रुपये मिले
अतानु चक्रवर्ती को एचडीएफसी बैंक से पारिश्रमिक के रूप में 1.07 करोड़ रुपये मिले
मुंबई, 11 जुलाई (भाषा) एचडीएफसी बैंक के पूर्व अंशकालिक चेयरमैन अतानु चक्रवर्ती की वित्त वर्ष 2025-26 में कुल आय 3.53 प्रतिशत बढ़कर 1.07 करोड़ रुपये रही। बैंक की तरफ से शनिवार को जारी खुलासे में यह जानकारी दी गई।
चक्रवर्ती ने वित्त वर्ष के अंत में नैतिकता और बैंक के कामकाज में संचालन संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए पद से इस्तीफा दे दिया था।
देश के सबसे बड़े निजी क्षेत्र के बैंक की वार्षिक रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्व नौकरशाह चक्रवर्ती को वित्त वर्ष 2025-26 में बैठक शुल्क और पारिश्रमिक के रूप में 1,07,25,269 रुपये मिले। यह राशि वित्त वर्ष 2024-25 में मिले 1,03,58,871 रुपये से अधिक है।
वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, बैंक के अंशकालिक चेयरमैन और स्वतंत्र निदेशक के रूप में चक्रवर्ती को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 50 लाख रुपये का निश्चित पारिश्रमिक मिलना था, जिसे भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने भी मंजूरी दी थी।
रिपोर्ट कहती है, ‘चक्रवर्ती ने 18 मार्च, 2026 से बैंक के अंशकालिक चेयरमैन और स्वतंत्र निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया था, लिहाजा निश्चित पारिश्रमिक का भुगतान आनुपातिक आधार पर किया गया। इसके अलावा, पद छोड़ने की तारीख तक बोर्ड और समितियों की बैठकों में शामिल होने के लिए उन्हें बैठक शुल्क तथा आधिकारिक एवं निजी उपयोग के लिए कार उपलब्ध कराई गई।’
रिपोर्ट के मुताबिक, चक्रवर्ती ने अंशकालिक चेयरमैन रहते हुए हुई सभी 17 बोर्ड बैठकों में हिस्सा लिया था।
भाषा योगेश प्रेम
प्रेम

Facebook


