Reported By: Tehseen Zaidi
,Chhattisgarh Liquor Scam. Image Source- IBC24
रायपुर। Chhattisgarh Liquor Scam छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले से जुड़ी एक और बड़ी खबर सामने आई है। प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने 4 और लोगों को आरोपी बनाया है। ईडी ने अपनी छठवीं चार्जशीट में निखिल चंद्राकर, विजय भाटिया, टी. भुवनेश्वर राव और प्रबीर शर्मा के नाम शामिल किए हैं। जानकारी के अनुसार इन चारों पर शराब सिंडिकेट से जुड़े करोड़ों रुपये के नकद लेनदेन में शामिल होने का आरोप है। निखिल चंद्राकर और विजय भाटिया का नाम पहले से चर्चित कोयला घोटाला मामले में भी सामने आ चुका है।
ईडी की ओर से दाखिल छठवीं चार्जशीट के बाद शराब घोटाला मामले में आरोपियों की कुल संख्या 81 से बढ़कर 85 हो गई है। जांच एजेंसी का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जा सकती है। गौरतलब है कि शराब घोटाला मामला राज्य के सबसे चर्चित मामलों में से एक है, जिसकी जांच ईडी लगातार कर रही है। अब चार नए नाम जुड़ने से मामले ने एक बार फिर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है।
छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में ED जांच कर रही है। ED ने ACB में FIR दर्ज कराई है। दर्ज FIR में 2 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा के घोटाले की बात कही गई है। ED ने अपनी जांच में पाया कि तत्कालीन भूपेश सरकार के कार्यकाल में IAS अफसर अनिल टुटेजा, आबकारी विभाग के एमडी AP त्रिपाठी और कारोबारी अनवर ढेबर के सिंडिकेट के जरिए घोटाले को अंजाम दिया गया था।