चालू वित्त वर्ष में वाहन क्षेत्र में 12 प्रतिशत तक वृद्धि की उम्मीद: फाडा सीईओ

Ads

चालू वित्त वर्ष में वाहन क्षेत्र में 12 प्रतिशत तक वृद्धि की उम्मीद: फाडा सीईओ

  •  
  • Publish Date - August 31, 2026 / 04:03 PM IST,
    Updated On - August 31, 2026 / 04:03 PM IST

नयी दिल्ली, 31 अगस्त (भाषा) वाहन डीलर संगठन फाडा को चालू वित्त वर्ष 2026-27 में वाहन क्षेत्र में दहाई अंक में वृद्धि की उम्मीद है। संगठन के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सहर्ष दमानी ने सोमवार को कहा कि पिछले साल जीएसटी दरों में की गई कटौती के बाद से बाजार में अच्छी मांग बनी हुई है।

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ बातचीत में कहा कि ग्रामीण यात्री वाहन मांग, शहरी मांग से अधिक बनी रहेगी और इस त्योहारी सत्र में वाहन के सभी क्षेत्र बेहतर प्रदर्शन करते रहेंगे।

दमानी ने बताया, ”पिछले साल की पहली छमाही की तुलना में पिछले छह महीनों का तुलनात्मक आधार काफी कम था और इसीलिए हमने पहले छह महीनों के दौरान बहुत अच्छी वृद्धि देखी है। पिछले साल 22 सितंबर के बाद ‘जीएसटी दर में कटौती की घोषणा की गई थी, इसलिए हम इस बात पर कड़ी नजर रख रहे हैं कि इस साल 22 सितंबर के बाद वृद्धि कैसी रहेगी, क्योंकि वह उद्योग के लिए वास्तविक अग्निपरीक्षा होगी।”

त्योहारी सत्र और अक्टूबर से शुरू होने वाली वित्त वर्ष की दूसरी छमाही के अनुमान को साझा करते हुए फाडा के सीईओ ने कहा कि बाजार में अच्छी गति है, जिससे वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में प्रदर्शन को लेकर उनकी उम्मीदें और मजबूत हो रही हैं।

दमानी ने कहा, ”मार्च 2027 को समाप्त होने वाले पूरे वित्त वर्ष के लिए मुझे लगता है कि हम दहाई अंक की वृद्धि का लक्ष्य रख सकते हैं। यह नौ से लेकर 11 या 12 प्रतिशत के दायरे में रह सकती है।”

भाषा पाण्डेय रमण

रमण