बजाज फिनसर्व का चौथी तिमाही का शुद्ध लाभ पांच प्रतिशत बढ़कर 2,539 करोड़ रुपये
बजाज फिनसर्व का चौथी तिमाही का शुद्ध लाभ पांच प्रतिशत बढ़कर 2,539 करोड़ रुपये
नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (भाषा) वित्तीय सेवा कंपनी बजाज फिनसर्व लिमिटेड का 2025-26 की चौथी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ पांच प्रतिशत बढ़कर 2,539 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी का 2024-25 की चौथी (जनवरी-मार्च) तिमाही में मुनाफा 2,417 करोड़ रुपये रहा था।
बजाज फिनसर्व लिमिटेड ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में कुल आय 5.7 प्रतिशत बढ़कर 38,508 करोड़ रुपये हो गई जो 2024-25 की समान तिमाही में 36,434 करोड़ रुपये थी।
कंपनी के निदेशक मंडल ने 31 मार्च 2026 को समाप्त वित्त वर्ष के लिए 1.50 रुपये प्रति शेयर लाभांश की सिफारिश की है। इसमें बजाज समूह के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 0.20 रुपये का विशेष लाभांश भी शामिल है। कुल लाभांश भुगतान 240 करोड़ रुपये बैठता है जो पिछले वर्ष के 160 करोड़ रुपये से काफी अधिक है।
समूचे वित्त वर्ष 2025-26 में बजाज फिनसर्व लिमिटेड का शुद्ध लाभ 10.5 प्रतिशत बढ़कर 9,801 करोड़ रुपये हो गया, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 8,872 करोड़ रुपये था। इस दौरान कुल आय 1,32,944 करोड़ रुपये से 13.2 प्रतिशत बढ़कर 1,50,530 करोड़ रुपये हो गई।
मार्च 2026 के अंत तक कंपनी की प्रबंधन अधीन परिसंपत्तियां (एयूएम) 7,05,800 करोड़ रुपये थीं।
इस बीच, कंपनी ने बताया कि उसने आलियांज की 26 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण पूरा कर लिया है, जिससे उसकी बीमा अनुषंगी कंपनियों बजाज जनरल इंश्योरेंस और बजाज लाइफ इंश्योरेंस में 100 प्रतिशत स्वामित्व हो गया है।
भाषा निहारिका रमण
रमण

Facebook


