पश्चिम बंगाल में बेकरी संगठन ने ब्रेड के दाम बढ़ाने का फैसला किया

पश्चिम बंगाल में बेकरी संगठन ने ब्रेड के दाम बढ़ाने का फैसला किया

पश्चिम बंगाल में बेकरी संगठन ने ब्रेड के दाम बढ़ाने का फैसला किया
Modified Date: August 17, 2026 / 05:42 pm IST
Published Date: August 17, 2026 5:42 pm IST

कोलकाता, 17 अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल में बेकरी कारोबारियों के संगठन ने आटा, चीनी और पैकेजिंग सामग्री की कीमतों में तेज वृद्धि का हवाला देते हुए इस महीने एक पाउंड ब्रेड की कीमत 32 रुपये से बढ़ाकर 36 रुपये करने की मंजूरी दी है।

पश्चिम बंगाल बेकर्स एसोसिएशन के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अरिफुल इस्लाम ने कहा कि कीमत बढ़ाने का फैसला आठ अगस्त को संगठन की कार्यसमिति की बैठक में लिया गया।

इस्लाम ने कहा, ‘‘हमने कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला कुछ समय तक रोकने की कोशिश की, लेकिन कच्चे माल की लागत बढ़ने से हमारे पास कोई विकल्प नहीं बचा।’’

यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब संगठित ब्रेड ब्रांड पहले ही स्लाइस्ड ब्रेड की कीमत चार रुपये प्रति पाउंड बढ़ा चुके हैं। इन ब्रांड की ब्रेड की कीमत करीब 36 रुपये से बढ़कर 40 रुपये प्रति पाउंड हो गई है।

इस्लाम ने कहा कि बेकरी कारोबारी घोषित खुदरा कीमत 36 रुपये प्रति पाउंड पर ब्रेड बेच रहे हैं और वितरकों को 22 प्रतिशत की छूट दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि खुदरा कीमत 36 रुपये से अधिक रखी जाती है तो यह कारोबार में अनियमितता मानी जाएगी।

बेकर्स एसोसिएशन के मुताबिक, पिछले एक महीने में मैदा की कीमत करीब 600 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गई है, जबकि चीनी करीब 40 रुपये से बढ़कर 60 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। इसके अलावा पेट्रोलियम उत्पाद महंगे होने से पैकेजिंग लागत में भी तेज बढ़ोतरी हुई है।

संगठन ने खुदरा विक्रेताओं को संशोधित कीमतों के अनुरूप ढलने के लिए 15 दिन का समय दिया है। इस्लाम ने कहा कि कीमतों में बिना सार्वजनिक सूचना के बढ़ोतरी किए जाने पर खुदरा विक्रेताओं को अक्सर उपभोक्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ता है।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में