उद्योगों को बैंक ऋण जून में 19.2 प्रतिशत बढ़ाः आरबीआई आंकड़ा
उद्योगों को बैंक ऋण जून में 19.2 प्रतिशत बढ़ाः आरबीआई आंकड़ा
मुंबई, 31 जुलाई (भाषा) उद्योगों को दिए जाने वाले बैंक कर्ज में जून माह के दौरान सालाना आधार पर 19.2 प्रतिशत बढ़ोतरी दर्ज की गई जबकि एक साल पहले की समान अवधि में यह आंकड़ा 6.3 प्रतिशत था। बड़ी कंपनियों के साथ एमएसएमई क्षेत्र में भी व्यापक विस्तार देखने को मिला।
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की तरफ से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, गैर-खाद्य बैंक ऋण की वृद्धि दर 30 जून 2026 को समाप्त पखवाड़े में 18.3 प्रतिशत रही, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 9.3 प्रतिशत थी।
आरबीआई ने ये आंकड़े 41 चुनिंदा अनुसूचित वाणिज्यिक बैंकों से जुटाए हैं। इन बैंकों की कुल गैर-खाद्य ऋण में लगभग 95 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
आलोच्य अवधि में कृषि और उससे जुड़े क्षेत्रों को दिए गए बैंक ऋण में भी 16.8 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्ज की गई, जो एक साल पहले 6.8 प्रतिशत थी।
उद्योग क्षेत्र के सूक्ष्म एवं लघु, मध्यम और विशाल, तीनों वर्गों में कर्ज में व्यापक बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रमुख उद्योगों में अवसंरचना, इंजीनियरिंग, खाद्य प्रसंस्करण, वस्त्र, निर्माण, धातु, पेट्रोलियम और रसायन क्षेत्रों में ऋण वृद्धि मजबूत रही।
हालांकि, रबर, प्लास्टिक और लकड़ी उत्पाद क्षेत्रों में बैंक ऋण की वृद्धि अपेक्षाकृत धीमी रही।
आंकड़ों के मुताबिक, सेवा क्षेत्र को दिए गए कर्ज में भी तेजी बनी रही और यह सालाना आधार पर 21.4 प्रतिशत बढ़ा, जो पिछले वर्ष 8.8 प्रतिशत था। इसमें गैर-बैंकिंग वित्त कंपनियों (एनबीएफसी), वाणिज्यिक रियल एस्टेट और व्यापार क्षेत्रों का अहम योगदान रहा।
व्यक्तिगत ऋण खंड में भी जून के दौरान 15.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि एक साल पहले यह 11.7 प्रतिशत थी।
वाहन और आवास ऋण में दोहरे अंकों की स्थिर वृद्धि बनी रही, हालांकि क्रेडिट कार्ड बकाया की वृद्धि दर में कुछ नरमी देखी गई।
भाषा प्रेम
प्रेम रमण
रमण

Facebook


