बिहार सरकार ने 350 करोड़ रुपये की 20 औद्योगिक परियोजनाओं को मंजूरी दी

Ads

बिहार सरकार ने 350 करोड़ रुपये की 20 औद्योगिक परियोजनाओं को मंजूरी दी

  •  
  • Publish Date - May 23, 2026 / 08:14 PM IST,
    Updated On - May 23, 2026 / 08:14 PM IST

पटना, 23 मई (भाषा) बिहार सरकार ने शनिवार को लगभग 350 करोड़ रुपये की 20 परियोजनाओं को मंजूरी दी और उनकी स्थापना के लिए लगभग 30 एकड़ जमीन आवंटित की।

राज्य सरकार के अधिकारियों ने कहा कि उद्योग विभाग के तहत संचालित बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (बीआईएडीए) की परियोजना मंजूरी समिति की बैठक में उन परियोजनाओं को मंजूरी दी गई, जिनसे लगभग 2,300 लोगों के लिए रोजगार पैदा होने की उम्मीद है।

इस बैठक में उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

विभाग ने एक बयान में कहा, ‘‘समिति ने 20 औद्योगिक परियोजनाओं को मंजूरी दी और उनकी स्थापना के लिए लगभग 30 एकड़ जमीन आवंटित की। इन परियोजनाओं से लगभग 350 करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित होने और पूरे राज्य में लगभग 2,300 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।’’

इस मौके पर कुमार ने कहा कि राज्य सरकार बिहार में समावेशी औद्योगिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा, ‘‘सरकार मजबूत बुनियादी ढांचे, बेहतर संपर्क सुविधा, सरल प्रक्रियाओं और मजबूत नीतिगत समर्थन के माध्यम से निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने में लगी है, ताकि परियोजनाओं का त्वरित और प्रभावी कार्यान्वयन हो सके।’’

बयान में कहा गया है कि स्वीकृत परियोजनाएं खाद्य प्रसंस्करण, सॉफ्टवेयर विकास, प्री-इंजीनियर्ड बिल्डिंग (पीईबी) निर्माण, फर्नीचर निर्माण, पीवीसी और यूपीवीसी पाइप निर्माण, स्वास्थ्य सेवा और सामान्य निर्माण जैसे क्षेत्रों से संबंधित हैं।

ये इकाइयां विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में स्थापित की जाएंगी, जिनमें औद्योगिक क्षेत्र (आईए) कुमारबाग, आईजीसी बेगूसराय, आईए हाजीपुर, आईए पाटलिपुत्र, आईए बरियारपुर और आईए सासाराम शामिल हैं।

भाषा राजेश राजेश प्रेम

प्रेम