बोनफिग्लियोली ट्रांसमिशन ने आईपीओ दस्तावेज जमा किए, 2,000 करोड़ रुपये जुटाने का इरादा

Ads

बोनफिग्लियोली ट्रांसमिशन ने आईपीओ दस्तावेज जमा किए, 2,000 करोड़ रुपये जुटाने का इरादा

  •  
  • Publish Date - February 10, 2026 / 03:01 PM IST,
    Updated On - February 10, 2026 / 03:01 PM IST

नयी दिल्ली, 10 फरवरी (भाषा) इटली के बोनफिग्लियोली समूह की भारतीय इकाई बोनफिग्लियोली ट्रांसमिशन ने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के माध्यम से धन जुटाने के लिए बाजार नियामक सेबी के पास शुरुआती दस्तावेज जमा किए हैं।

मामले से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, कंपनी इस आईपीओ के जरिये 2,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जुटाने की योजना बना रही है।

सोमवार को जमा किए गए दस्तावेजों के मसौदे (डीआरएचपी) के अनुसार, यह आईपीओ पूरी तरह से प्रवर्तक (प्रमोटर) ‘बोनफिग्लियोली एसपीए’ द्वारा 4.7 करोड़ शेयरों की ‘बिक्री पेशकश’ (ओएफएस) पर आधारित है। इसमें कोई नया शेयर जारी नहीं किया जाएगा।

चूंकि यह आईपीओ पूरी तरह से ओएफएस है, इसलिए कंपनी को निर्गम से कोई धन प्राप्त नहीं होगा। बिक्री से मिलने वाली पूरी राशि बेचने वाले शेयरधारक के पास जाएगी।

वर्तमान में, कंपनी में प्रवर्तक की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

बोनफिग्लियोली ट्रांसमिशन एक प्रौद्योगिकी आधारित कंपनी है, जो मैकेनिकल और इलेक्ट्रो-मैकेनिकल पावर ट्रांसमिशन और इंडस्ट्रियल ड्राइव समाधान प्रदान करती है। भाषा सुमित अजय

अजय