पहाड़ी पर्यटन स्थलों के प्रति बढ़ा आकर्षण, शिमला में बुकिंग 76 प्रतिशत बढ़ी: रिपोर्ट

Ads

पहाड़ी पर्यटन स्थलों के प्रति बढ़ा आकर्षण, शिमला में बुकिंग 76 प्रतिशत बढ़ी: रिपोर्ट

  •  
  • Publish Date - June 21, 2026 / 01:41 PM IST,
    Updated On - June 21, 2026 / 01:41 PM IST

नयी दिल्ली, 21 जून (भाषा) जून में तापमान बढ़ने और मध्य-वर्षीय यात्रा अवसरों के बीच देशभर में पहाड़ी पर्यटन स्थलों की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

आतिथ्य क्षेत्र और यात्री छात्रावास श्रृंखला जोस्टेल की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, शिमला स्थित उसकी संपत्तियों में बुकिंग पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 76 प्रतिशत बढ़ी है, जो भारतीय यात्रियों के बीच पर्वतीय स्थलों की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाती है।

कंपनी ने बताया कि श्रीनगर, तीर्थन घाटी और गंगटोक जैसे गंतव्यों पर आगंतुकों की संख्या में भी पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 95 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जिससे जून के दौरान पहाड़ी पर्यटन की ओर बढ़ते रुझान का संकेत मिलता है।

रिपोर्ट के अनुसार, जोस्टेल नेटवर्क में पर्वतीय स्थलों के लिए कुल बुकिंग सालाना आधार पर सात से नौ प्रतिशत बढ़ी। इनमें से करीब 48 प्रतिशत यात्रियों ने यात्रा शुरू होने से तीन दिन के भीतर बुकिंग कराई।

निष्कर्षों से यह भी पता चला कि बिना अधिक पूर्व योजना के यात्रा करने की प्रवृत्ति बढ़ रही है और 72 घंटे के भीतर बुकिंग कराने का चलन एक प्रमुख तरीके के रूप में उभरकर सामने आया है।

जोस्टेल और जो वर्ल्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अविरल गुप्ता ने बयान में कहा, ‘‘इस वर्ष जून में जोस्टेल की संपत्तियों पर पर्वतीय स्थलों के लिए बुकिंग पिछले साल की तुलना में 76 प्रतिशत बढ़ी है और इनमें से लगभग आधी बुकिंग यात्रा तिथि से 72 घंटे के भीतर की गई हैं।’’

भाषा योगेश अजय

अजय