दुनिया भर में हज़ारों लोग अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों में शामिल हुए

Ads

दुनिया भर में हज़ारों लोग अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों में शामिल हुए

  •  
  • Publish Date - June 21, 2026 / 01:04 PM IST,
    Updated On - June 21, 2026 / 01:04 PM IST

बीजिंग/वॉशिंगटन, 21 जून (भाषा) दुनिया भर में हज़ारों योग प्रेमियों ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया। इस मौके पर विदेशों में स्थित भारतीय दूतावासों ने ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जिनमें स्वास्थ्य और बेहतर जीवन-शैली को बढ़ावा देने में योग की भूमिका को उजागर किया गया।

चीन में लगभग 400 लोगों ने शंघाई के ‘बंड फाइनेंस सेंटर’ में भारत के महावाणिज्य दूतावास द्वारा आयोजित योग दिवस समारोह में भाग लिया। इस कार्यक्रम में राजनयिक, शिक्षाविद, योग साधक और भारतीय प्रवासी समुदाय के लोग शामिल हुए।

दूतावास द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महावाणिज्य दूत प्रतीक माथुर ने योग को भारत की दुनिया को दी गई एक अमूल्य भेंट बताया और समग्र स्वास्थ्य, मानसिक कल्याण तथा सक्रिय वृद्धावस्था को बढ़ावा देने में इसकी बढ़ती भूमिका पर जोर दिया।

कार्यक्रम में एक ध्यान सत्र, मणिपुरी नृत्य प्रस्तुति, भारतीय शास्त्रीय संगीत का प्रदर्शन तथा योग के लाभों पर एक प्रस्तुति दी गई।

बयान में कहा गया, ‘‘प्रतिभागियों के लिए श्वास तकनीकों, आसनों और ध्यान को शामिल करते हुए एक व्यापक योग सत्र आयोजित किया गया जिसमें नियमित अभ्यास के महत्व पर जोर दिया गया। यह अभ्यास शारीरिक फिटनेस, मानसिक दृढ़ता और समग्र कल्याण बनाए रखने में मदद करता है, विशेषकर बढ़ती उम्र में।’’

अमेरिका में भी अतंरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। वाशिंगटन स्थित ऐतिहासिक लिंकन मेमोरियल पर सैकड़ों प्रतिभागी भारतीय दूतावास द्वारा आयोजित योग सत्र में शामिल हुए।

भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत के दूतावास ने वाशिंगटन में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया। यह इस बात की याद दिलाता है कि योग हर किसी के लिए है, जीवन के हर चरण में।’’

वाशिंगटन में भारतीय दूतावास ने ‘डुपॉंट सर्कल’ और विश्व बैंक सहित विभिन्न स्थानों पर स्थानीय समुदायों के साथ मिलकर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया। इसके अलावा, पारंपरिक स्वास्थ्य और कल्याण पद्धतियों को प्रदर्शित करने के लिए एक ‘आयुर्वेद कॉर्नर’ भी स्थापित किया गया।

सऊदी अरब के रियाद में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में लगभग 500 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें सरकारी अधिकारी, राजनयिक, स्कूल के बच्चे और भारतीय समुदाय के सदस्य शामिल थे।

रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि इस सत्र का नेतृत्व सऊदी महिला योग प्रशिक्षक सीमा घन्नाम और मलाक अलमुघीरा ने किया।

दूतावास ने कहा, ‘‘सऊदी अरब में योग की बढ़ती लोकप्रियता भारत और सऊदी अरब के सांस्कृतिक संबंधों में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।’’

जापान के तोक्यो के ऐतिहासिक त्सुकिजी होंगान-जी मंदिर में भारतीय दूतावास द्वारा आयोजित योग दिवस समारोह में 2,100 से अधिक योग प्रेमियों ने भाग लिया।

तोक्यो स्थित भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘बारिश के बावजूद ‘योग टुगेदर, रेन ऑर शाइन!’ के नारे के साथ, पूरा आयोजन स्थल ऊर्जा और मुस्कुराहटों से भर गया।’’

कनाडा में, टोरंटो स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने ओंटारियो की विधान सभा की पृष्ठभूमि में एक बड़े आयोजन के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया।

टोरंटो स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि लगभग 800 प्रतिभागियों ने इस समारोह में भाग लिया, जिनमें सरकारी प्रतिनिधि, राजनयिक समुदाय के सदस्य, योग साधक, वेलनेस संगठन और सामुदायिक नेता शामिल थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महावाणिज्य दूत महावीर सिंघवी ने योग की उस क्षमता पर प्रकाश डाला, जो सांस्कृतिक, भाषाई और राष्ट्रीय सीमाओं से परे जाकर लोगों को एक साथ लाती है।

उन्होंने कहा कि योग ‘कल्याण की साझा खोज’ में लोगों को जोड़ता है और स्वास्थ्य, सद्भाव तथा आंतरिक संतुलन के लिए एक सार्वभौमिक मार्ग के रूप में इसकी कालातीत प्रासंगिकता को पुनः स्थापित करता है।

नेपाल में, भारत के दूतावास ने लुम्बिनी विकास ट्रस्ट के सहयोग से लुम्बिनी संस्कृतिक क्षेत्र में स्थित ‘इटर्नल पीस फ्लेम’ और माया देवी मंदिर, जो यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है, के पास एक योग प्रदर्शन का आयोजन किया।

इस कार्यक्रम में 600 से अधिक योग प्रेमियों ने भाग लिया, जिसमें लुम्बिनी के राज्यपाल कृष्ण बहादुर घर्ती मगर भी उपस्थित थे।

अन्य कई देशों में स्थित भारतीय दूतावासों ने भी इस अवसर को चिह्नित करने के लिए योग सत्रों और कार्यक्रमों का आयोजन किया।

भाषा शोभना रंजन

रंजन