ब्रिक्स के सांख्यिकी कार्यालयों का एआई आदि के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने का संकल्प
ब्रिक्स के सांख्यिकी कार्यालयों का एआई आदि के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने का संकल्प
लखनऊ, चार अगस्त (भाषा) ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालयों के प्रमुखों ने मंगलवार को एक संयुक्त बयान जारी कर सांख्यिकी प्रणालियों के आधुनिकीकरण, डिजिटल प्रौद्योगिकियों और कृत्रिम मेधा (एआई) का उपयोग बढ़ाने एवं सदस्य देशों के बीच समष्टि आर्थिक आंकड़ों को मजबूत करने में सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
यहां भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय प्रमुखों की दो दिवसीय बैठक के समापन पर यह संयुक्त बयान जारी किया गया। इस बैठक में नीति निर्माता, अकादमिक क्षेत्र से लोग और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हुए।
संयुक्त बयान में कहा गया, ‘‘हम संवाद जारी रखने और सदस्य देशों के बीच सांख्यिकी सहयोग बढ़ाने पर सहमत हुए हैं।’’
बयान में कहा गया कि बैठक में बातचीत आंकड़ों के प्रसार के लिए डिजिटल मंचों के उपयोग, उभरते डेटा परिवेश के मद्देनजर राष्ट्रीय सांख्यिकी प्रणालियों में सुधार, ब्रिक्स गठबंधन के लिए नवप्रवर्तन क्षेत्रों की पहचान और क्षेत्रीय सांख्यिकी मजबूत करने पर केंद्रित रही।
सदस्य देशों के बीच अनुभवों, अच्छी व्यवस्थाओं को दस्तावेजी रूप देने और उसे साझा करने पर भी सहमति बनी, जिससे डिजिटल एवं अन्य चैनल के जरिये आधिकारिक सांख्यिकी तक पहुंच में सुधार लाया जा सके।
भाषा राजेंद्र
राजकुमार अजय
अजय

Facebook


