संसाधनों की कमी के बावजूद नई सरकार की विकास-दृष्टि को प्रतिबिंबित करेगा बजट: सतीशन

Ads

संसाधनों की कमी के बावजूद नई सरकार की विकास-दृष्टि को प्रतिबिंबित करेगा बजट: सतीशन

  •  
  • Publish Date - June 17, 2026 / 02:39 PM IST,
    Updated On - June 17, 2026 / 02:39 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 17 जून (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार गंभीर वित्तीय बाधाओं के बीच अपना पहला बजट तैयार कर रही है और विकास योजनाओं को लागू करने के लिए उसे अतिरिक्त संसाधन जुटाने होंगे।

राज्य विधानसभा में 19 जून को संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार का पहला बजट पेश किए जाने से पहले सतीशन ने कहा कि महत्वाकांक्षी योजनाओं के बावजूद सरकार सीमित वित्तीय संसाधनों के साथ काम कर रही है।

उन्होंने इस वर्ष फरवरी में पूर्ववर्ती वाम सरकार द्वारा पेश किए गए बजट का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘हम कई तरह की बाधाओं और सीमाओं का सामना कर रहे हैं। यह संशोधित बजट है और हमें इन्हीं वास्तविकताओं के भीतर काम करना होगा।’’

पूर्ववर्ती सरकार पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह ऐसी स्थिति में हैं जहां उन्हें 35,000 करोड़ रुपये की बजट योजना के वित्तपोषण के लिए अतिरिक्त 20,500 करोड़ रुपये जुटाने होंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘मेरे सामने चमत्कार करने जैसा असंभव कार्य है।’’

राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के बाद यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में एक सवाल के जवाब में सतीशन ने कहा, ‘‘मेरा काम किसी तरह आवश्यक शेष संसाधन जुटाना है। जब तक हम यह राशि नहीं जुटा लेते, तब तक इस वर्ष की नियोजित परियोजनाओं को लागू नहीं कर पाएंगे।’’

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का विकास संबंधी दृष्टिकोण और नीतिगत रुख पूर्ववर्ती शासन से अलग है तथा बजट में इन्हीं प्राथमिकताओं की झलक मिलेगी।

भाषा योगेश अजय

अजय