ब्रुकफील्ड, बीसीआई, जीआईसी ने अल्टियस इनविट में 7.3 प्रतिशत हिस्सेदारी 3,656 करोड़ रुपये में बेची

Ads

ब्रुकफील्ड, बीसीआई, जीआईसी ने अल्टियस इनविट में 7.3 प्रतिशत हिस्सेदारी 3,656 करोड़ रुपये में बेची

  •  
  • Publish Date - June 17, 2026 / 12:41 PM IST,
    Updated On - June 17, 2026 / 12:41 PM IST

नयी दिल्ली, 17 जून (भाषा) ब्रुकफील्ड, ब्रिटिश कोलंबिया निवेश प्रबंधन निगम (बीसीआई) और सिंगापुर के संप्रभु धन कोष जीआईसी ने खुले बाजार सौदों के माध्यम से अल्टियस टेलीकॉम इन्फ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट में 7.3 प्रतिशत हिस्सेदारी 3,656 करोड़ रुपये में बेच दी है।

बीएसई के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को हुए इन सौदों में मुंबई स्थित अल्टियस टेलीकॉम इन्फ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट (अल्टियस इनविट) की 22.15 करोड़ से अधिक यूनिट की बिक्री हुई जो 7.27 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है।

ब्रुकफील्ड ने अपनी सहयोगी कंपनी बीआईएफ IV जार्विस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के जरिये चार किश्तों में 13.75 करोड़ यूनिट बेचे, जबकि जीआईसी की इकाई अनाहेरा इन्वेस्टमेंट प्राइवेट लिमिटेड ने करीब 5.53 करोड़ यूनिट बेचे।

इसके अलावा, ब्रिटिश कोलंबिया निवेश प्रबंधन निगम (बीसीआई) ने रोसलैंड आईएमसी लिमिटेड पार्टनरशिप के माध्यम से 2.86 करोड़ यूनिट का विनिवेश किया।

ये यूनिट 165-165.05 रुपये प्रति इकाई के दायरे में बेचे गए जिससे कुल लेनदेन मूल्य 3,656 करोड़ रुपये रहा।

खरीदारों में से एक बुनियादी ढांचा क्षेत्र की प्रमुख कंपनी लार्सन एंड टुब्रो ने 165 रुपये प्रति यूनिट के औसत मूल्य पर 3.8 करोड़ से अधिक यूनिट (करीब 1.25 प्रतिशत हिस्सेदारी) खरीदे। इससे इस सौदे का मूल्य 627.82 करोड़ रुपये रहा।

अन्य खरीदारों का विवरण शेयर बाजार पर उपलब्ध नहीं है।

अल्टियस, भारत के प्रमुख दूरसंचार अवसंरचना मंचों में से एक है। इसके पास 2जी से 5जी, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, स्मॉल सेल और कृत्रिम मेधा(एआई) अनुप्रयोगों तक का समर्थन करने वाले 2.57 लाख से अधिक ‘टेलीकॉम साइट’ का नेटवर्क है।

भाषा निहारिका

निहारिका