कैब एग्रीगेटर सवारी बुक होने से पहले ‘टिप’ के विकल्प हटाएंः परिवहन मंत्रालय
कैब एग्रीगेटर सवारी बुक होने से पहले 'टिप' के विकल्प हटाएंः परिवहन मंत्रालय
नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा) सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने मोटर वाहन एग्रीगेटरों से कहा है कि वे अपने मोबाइल ऐप से सवारी स्वीकार किए जाने या यात्रा पूरी होने से पहले ‘टिप’ से जुड़े सभी विकल्प तत्काल हटाएं और मोटर वाहन एग्रीगेटर दिशानिर्देश, 2025 का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।
मंत्रालय ने 11 अगस्त को जारी निर्देश में कहा है कि कुछ वाहन एग्रीगेटर ऐप पर ‘एडवांस टिप’, ‘ऐड-ऑन चुनें’, ‘जल्दी सवारी की पुष्टि की संभावना बढ़ाएं’ और ‘टिप जोड़ने पर चालक के इस यात्रा को स्वीकार करने की अधिक संभावना हो सकती है’ जैसे विकल्प या संदेश सवारी स्वीकार किए जाने या यात्रा पूरी होने से पहले दिखा रहे हैं।
मंत्रालय ने सभी मोटर वाहन एग्रीगेटरों को अपने मोबाइल ऐप एवं डिजिटल मंचों की तत्काल समीक्षा करने और मोटर वाहन एग्रीगेटर दिशानिर्देश, 2025 के प्रावधान 14.15 का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।
निर्देश में कहा गया कि इन प्रावधानों के अनुरूप नहीं पाए जाने वाले किसी भी ऐप इंटरफेस या सुविधा में बिना देरी के उचित बदलाव किया जाना चाहिए।
दिशानिर्देशों के प्रावधान 14.15 के तहत एग्रीगेटर अपने ऐप पर यात्रियों को स्वेच्छा से चालक को टिप देने की सुविधा दे सकते हैं। हालांकि, यह सुविधा यात्रा पूरी होने के बाद ही दिखाई जा सकती है। इसे सवारी बुक करते समय, यात्रा शुरू होने से पहले या यात्रा के दौरान उपलब्ध नहीं कराया जा सकता।
परिवहन मंत्रालय ने कहा कि सवारी की तरफ से दी गई टिप की पूरी राशि बिना किसी कटौती के चालक को दी जानी चाहिए। इसके अलावा, मोबाइल ऐप पर ऐसी कोई टिप सुविधा या व्यवस्था नहीं होनी चाहिए जो भ्रामक या हेरफेर करने वाली हो।
मंत्रालय ने कहा कि इन प्रावधानों का स्पष्ट उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि टिप पूरी तरह स्वैच्छिक हो और उसे केवल यात्रा पूरी होने के बाद ही दिया जाए।
भाषा प्रेम प्रेम योगेश
योगेश

Facebook


