नयी दिल्ली, 21 अगस्त (भाषा) भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने शुक्रवार को साठगांठ में शामिल होने के चलते दो कृषि कच्चा माल संघों और विभिन्न व्यक्तियों पर 10.65 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया है।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि साठगांठ के प्रतिस्पर्धा-रोधी आचरण में शामिल होने के चलते एग्रो इनपुट डीलर्स एसोसिएशन (एआईडीए), एग्रो इनपुट वेलफेयर एसोसिएशन (एआईडब्ल्यूए), मनमोहन सी कलंत्री और अरविंदभाई जेरामभाई पटेल के खिलाफ मौद्रिक और गैर-मौद्रिक प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया गया है।
सीसीआई ने बयान में कहा कि इसके अलावा एआईडीए के महासचिव प्रवीणभाई पटेल और एआईडीए के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय कुमार रघुवंशी पर भी जुर्माना लगाया गया है। कुल जुर्माना 10.65 लाख रुपये से अधिक है।
नियामक ने प्रतिस्पर्धा कानूनों के बारे में जागरूकता फैलाने और अपने संगठनों के भीतर प्रतिस्पर्धा अनुपालन की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए दोनों संघों को प्रतिस्पर्धा अनुपालन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्देश दिया है।
भाषा पाण्डेय रमण
रमण