चीन की दवा कंपनी का अमेरिका की बीएमएस के साथ 15.2 अरब डॉलर का करार

चीन की दवा कंपनी का अमेरिका की बीएमएस के साथ 15.2 अरब डॉलर का करार

चीन की दवा कंपनी का अमेरिका की बीएमएस के साथ 15.2 अरब डॉलर का करार
Modified Date: May 12, 2026 / 05:39 pm IST
Published Date: May 12, 2026 5:39 pm IST

बीजिंग, 12 मई (भाषा) चीन की प्रमुख दवा कंपनी जियांगसू हेंगरुई फार्मास्युटिकल ने अमेरिकी दवा कंपनी ब्रिस्टल मायर्स स्क्विब (बीएमएस) के साथ 15.2 अरब डॉलर तक के सहयोग और लाइसेंसिंग समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।

यह सौदा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चीन यात्रा शुरू होने के ऐन पहले हुआ है। ट्रंप 13 से 15 मई के दौरान चीन की यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वह चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ शुल्क और निवेश सहित विभिन्न मुद्दों पर वार्ता करेंगे।

हांगकांग स्थित ‘साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट’ की रिपोर्ट के मुताबिक, समझौते के तहत बीएमएस निकट अवधि में हेंगरुई को 95 करोड़ डॉलर तक का भुगतान करेगी, जिसमें 60 करोड़ डॉलर अग्रिम राशि शामिल है।

हालांकि सभी विकास, नियामकीय और वाणिज्यिक लक्ष्यों को हासिल करने और संयुक्त खोज परियोजनाओं से जुड़े विकल्पों का उपयोग किए जाने पर इस सौदे का कुल मूल्य लगभग 15.2 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है।

इस समझौते के तहत जियांगसू हेंगरुई के चार कैंसर एवं रक्तसंबंधी रोग कार्यक्रम, बीएमएस की चार प्रतिरक्षा परिसंपत्तियां और पांच नए संयुक्त कार्यक्रम शामिल हैं। सभी 13 कार्यक्रम फिलहाल क्लिनिकल परीक्षण से पहले के चरण में हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, यह सौदा दवाओं के शोध एवं विकास में चीन की बढ़ती नवाचार क्षमता को दर्शाता है। हाल के वर्षों में चीन का औषधि उद्योग कम लागत वाले विनिर्माण केंद्र से विकसित होकर नवाचार-आधारित दवा केंद्र में बदल गया है।

भाषा प्रेम प्रेम रमण

रमण


लेखक के बारे में