नयी दिल्ली, एक जुलाई (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) को उत्तर प्रदेश में 600 मेगावाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने का 2,831.11 करोड़ रुपये का ठेका मिला है। कंपनी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि यह परियोजना बुंदेलखंड सौर ऊर्जा लिमिटेड ने सीआईएल को सौंपी है। बुंदेलखंड सौर ऊर्जा लिमिटेड, एनएचपीसी लिमिटेड और उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास एजेंसी (यूपीनेडा) का संयुक्त उद्यम है।
कंपनी के अनुसार, यह सौर ऊर्जा संयंत्र उत्तर प्रदेश के जालौन सोलर पार्क में स्थापित किया जाएगा।
इस परियोजना में 300-300 मेगावाट की दो इकाइयां शामिल हैं। बिजली की आपूर्ति 2.73 रुपये प्रति किलोवाट-घंटा की दर से की जाएगी। बिजली खरीद समझौते (पीपीए) पर हस्ताक्षर होने के बाद परियोजना को 18 महीने में पूरा किया जाएगा।
भाषा यासिर अजय
अजय