कोल इंडिया की श्रमिक यूनियनों ने हड़ताल पर जाने का फैसला टाला

Ads

कोल इंडिया की श्रमिक यूनियनों ने हड़ताल पर जाने का फैसला टाला

  •  
  • Publish Date - October 11, 2023 / 03:10 PM IST,
    Updated On - October 11, 2023 / 03:10 PM IST

नयी दिल्ली, 11 अक्टूबर (भाषा) कोल इंडिया के श्रमिक संघों ने अदालत के कंपनी को नवीनतम वेतन समझौते के तहत वेतन देने का आदेश देने के बाद हड़ताल पर जाने का फैसला टाल दिया है।

ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एआईटीयूसी) की महासचिव अमरजीत कौर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को फोन पर बताया, ‘‘ अदालत के कंपनी को नवीनतम वेतन समझौते के तहत वेतन देने का आदेश देने के बाद हड़ताल टाल दी गई है।’’

पांच मजदूर संघों भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस), ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक), सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेन यूनियन (सीआईटीयू), इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (आईएनटीयूसी) और हिंद मजदूर सभा (एचएमएस) ने कोल इंडिया के गैर-कार्यकारी कर्मचारियों को राष्ट्रीय कोयला वेतन समझौते (एनसीडब्ल्यूए)-11 के अनुरूप वेतन देने की मांग करते हुए अक्टूबर में हड़ताल पर जाने का फैसला किया था।

कोल इंडिया ने बुधवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में कहा, ‘‘ 27 सितंबर, 2023 के हमारे पत्र पर कृपया ध्यान दें, मजदूर संघों के प्रतिनिधियों ने प्रबंधन की अपील पर ध्यान देते हुए सीआईएल तथा उसकी अनुषंगी कंपनियों के प्रतिष्ठानों में हड़ताल टालने की जानकारी दी है।’’

कोयला मंत्रालय ने जून, 2023 में संशोधित वेतन समझौते को मंजूरी देने की घोषणा की थी। यह समझौता कोल इंडिया के गैर-कार्यकारी कर्मचारियों के लिए श्रम संगठनों के साथ हुआ था।

इस समझौते के तहत कर्मचारियों को एक जुलाई, 2021 से वेतन परिलब्धियों पर 19 प्रतिशत न्यूनतम गारंटीशुदा लाभ और भत्तों में 25 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान किया गया था।

भाषा निहारिका अजय

अजय