Reported By: Prakash Kumar Nag
,Keshkal News / Image Source ; IBC24
केशकाल : Keshkal News: राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के निर्माण कार्य से उठ रही धूल और नगरवासियों की बढ़ती परेशानी को लेकर IBC24 में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई थी, जिसका असर अब दिखने लगा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए केशकाल के एसडीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की एसडीओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इस नोटिस में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि नगर पंचायत केशकाल अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के निर्माण कार्य में प्रगति नहीं होने एवं निर्माणाधीन सड़क पर नियमित पानी का छिड़काव नहीं किए जाने से अत्यधिक धूल उड़ रही है। इससे आमजन को भारी परेशानी हो रही है तथा स्वास्थ्य संबंधी खतरे उत्पन्न हो रहे हैं।
एसडीएम कार्यालय से जारी पत्र में निर्माण एजेंसी की जिम्मेदारी तय करते हुए पूछा गया है कि आखिर नियमित पानी का छिड़काव और धूल नियंत्रण के उपाय क्यों नहीं किए जा रहे हैं। Keshkal News: साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि आम नागरिकों को हो रही असुविधा को गंभीरता से लिया जा रहा है। नोटिस में यह भी कहा गया है कि सड़क निर्माण कार्य लंबे समय से धीमी गति से चल रहा है और धूल नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम नहीं उठाए गए हैं, जो कार्य के प्रति उदासीनता और लापरवाही को दर्शाता है। एसडीएम ने संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित तिथि पर उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें।
गौरतलब है कि धूल के कारण होटल व्यवसायी, दुकानदार, राहगीर और स्कूली बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे थे। सुबह के समय सड़कों पर धूल की मोटी परत छाई रहती थी, जिससे लोगों को सांस और एलर्जी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। अब प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद नगरवासियों को उम्मीद है कि निर्माण एजेंसी नियमित पानी का छिड़काव, सुरक्षा मानकों का पालन और कार्य में तेजी लाकर जल्द राहत देगी। फिलहाल सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विभागीय अधिकारी क्या जवाब देते हैं और धूल के इस गुबार से केशकाल को कब तक निजात मिलती है।