नयी दिल्ली, दो जुलाई (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी कोल इंडिया ने बृहस्पतिवार को कहा कि जून में बिजली क्षेत्र को कोयले की आपूर्ति 5.9 प्रतिशत बढ़कर 5.14 करोड़ टन रही। गर्मी के मौसम में बिजली की बढ़ती मांग के बीच कोयले की आपूर्ति बढ़ायी गयी है।
पिछले साल जून में बिजलीघरों को कोयले की आपूर्ति 4.86 करोड़ टन थी।
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के दौरान, कोल इंडिया लि. ने बिजली क्षेत्र को 15.47 करोड़ टन कोयले की आपूर्ति की। यह पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में हुई 15.19 करोड़ टन आपूर्ति से अधिक है।
महारत्न कंपनी ने एक बयान में कहा कि जून के दौरान कोयले की कुल आपूर्ति 7.5 प्रतिशत बढ़कर 6.58 करोड़ टन तक पहुंच गई जो एक साल पहले इसी महीने में 6.12 करोड़ टन थी।
पहली तिमाही के दौरान कोयले की कुल आपूर्ति 3.5 प्रतिशत बढ़कर 19.77 करोड़ टन रही, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 19.1 करोड़ टन थी।
सीमेंट, इस्पात जैसे गैर-विनियमित क्षेत्र को कोयले की आपूर्ति में भी अच्छी वृद्धि दर्ज की गई। यह जून 2026-27 में 14.8 प्रतिशत बढ़कर 1.45 करोड़ टन रही, जबकि पिछले साल जून में यह 1.26 करोड़ टन थी।
गैर विनियमित क्षेत्र को चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में आपूर्ति 10 प्रतिशत बढ़कर 4.3 करोड़ टन हो गई, जबकि 2025-26 की इसी तिमाही में यह 3.9 करोड़ टन थी।
देश में कुल कोयला उत्पादन में कोल इंडिया की हिस्सेदारी 80 प्रतिशत है। वहीं कोयले से होने वाले कुल बिजली उत्पादन में हिस्सेदारी 75 प्रतिशत है।
भाषा रमण अजय
अजय