कोलगेट-पामोलिव इंडिया का जून तिमाही में शुद्ध लाभ सात प्रतिशत बढ़कर 343 करोड़ रुपये पर
कोलगेट-पामोलिव इंडिया का जून तिमाही में शुद्ध लाभ सात प्रतिशत बढ़कर 343 करोड़ रुपये पर
नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) कोलगेट-पामोलिव इंडिया लिमिटेड (सीपीआईएल) का चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में शुद्ध लाभ सात प्रतिशत बढ़कर 343.08 करोड़ रुपये हो गया। यह वृद्धि टूथपेस्ट कारोबार में बिक्री और मार्जिन बढ़ने का नतीजा है।
कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजार को अप्रैल-जून 2026 तिमाही के इस वित्तीय नतीजे की सूचना दी। पिछले साल की समान अवधि में उसका शुद्ध लाभ 320.62 करोड़ रुपये था।
समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की बिक्री 12 प्रतिशत बढ़कर 1,590.56 करोड़ रुपये हो गई, जबकि कुल खर्च 13.8 प्रतिशत बढ़कर 1,160.57 करोड़ रुपये रहा।
इस दौरान अन्य आय सहित कुल आय 12 प्रतिशत बढ़कर 1,626.10 करोड़ रुपये हो गई।
कोलगेट-पामोलिव इंडिया की प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रभा नरसिम्हन ने कहा कि पूरे पोर्टफोलियो में लगातार वृद्धि का रुख बना हुआ है।
उन्होंने कहा, ‘हमारे टूथपेस्ट कारोबार में मजबूत, उच्च-एकल अंक की वृद्धि दर्ज की गई, जिसमें प्रीमियम टूथपेस्ट के शानदार प्रदर्शन के साथ हमारे मुख्य पोर्टफोलियो में भी निरंतर वृद्धि शामिल है।’
सीपीआईएल ने लागत बचत और सख्त वित्तीय अनुशासन के चलते स्वस्थ मार्जिन बनाए रखा। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में सकल मार्जिन 69.7 प्रतिशत रहा।
नरसिम्हन ने कहा, ‘हमें उम्मीद है कि हमारे विज्ञान-आधारित उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों और विज्ञापन में निरंतर निवेश के सहारे टिकाऊ वृद्धि हासिल होगी।’
भाषा राजेश राजेश प्रेम
प्रेम

Facebook


