एसजेवीएन की बक्सर ताप विद्युत परियोजना की दूसरी इकाई से शुरू होगी वाणिज्यिक आपूर्ति

एसजेवीएन की बक्सर ताप विद्युत परियोजना की दूसरी इकाई से शुरू होगी वाणिज्यिक आपूर्ति

एसजेवीएन की बक्सर ताप विद्युत परियोजना की दूसरी इकाई से शुरू होगी वाणिज्यिक आपूर्ति
Modified Date: September 11, 2026 / 09:56 pm IST
Published Date: September 11, 2026 9:56 pm IST

नयी दिल्ली, 11 सितंबर (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनी एसजेवीएन ने कहा कि बिहार के बक्सर ताप विद्युत परियोजना की 660 मेगावाट क्षमता वाली इकाई-2 से शुक्रवार आधी रात से वाणिज्यिक बिजली आपूर्ति शुरू हो जाएगी।

एसजेवीएन के आधिकारिक पोर्टल के अनुसार, परियोजना की 660 मेगावाट क्षमता वाली इकाई-1 से वाणिज्यिक बिजली आपूर्ति 14 नवंबर, 2025 को शुरू हुई थी। अब इस इकाई-2 से आपूर्ति शुरू होने के बाद परियोजना की कुल 1,320 मेगावाट क्षमता पूरी तरह परिचालन में आ जाएगी।

कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी एसजेवीएन थर्मल प्राइवेट लिमिटेड की 1,320 मेगावाट (2×660 मेगावाट) बक्सर ताप विद्युत परियोजना की 660 मेगावाट क्षमता वाली इकाई-2 का वाणिज्यिक परिचालन 12 सितंबर, 2026 को रात 12 बजे यानी शुक्रवार आधी रात से शुरू होगा।

बिहार के बक्सर जिले के चौसा में स्थित इस परियोजना में अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल किया गया है। इससे बिजली उत्पादन की दक्षता बढ़ने के साथ पर्यावरण पर प्रभाव कम करने में मदद मिलेगी।

परियोजना से सालाना 982.87 करोड़ यूनिट बिजली का उत्पादन होगा। इसमें से 85 प्रतिशत बिजली बिहार को दीर्घकालिक बिजली खरीद समझौते के तहत आवंटित की गई है।

कंपनी के अनुसार, परियोजना के पूरी तरह चालू होने से बिहार और पूर्वी क्षेत्र में बिजली की उपलब्धता बढ़ेगी। इससे खासकर अधिक मांग के समय बिजली की कमी कम करने और क्षेत्र की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने में मदद मिलेगी।

भाषा यासिर रमण

रमण

रमण


लेखक के बारे में