वाणिज्यिक वाहन उद्योग की बिक्री चालू वित्त वर्ष में चार से छह प्रतिशत बढ़ने का अनुमान: इक्रा

Ads

वाणिज्यिक वाहन उद्योग की बिक्री चालू वित्त वर्ष में चार से छह प्रतिशत बढ़ने का अनुमान: इक्रा

  •  
  • Publish Date - June 26, 2026 / 04:43 PM IST,
    Updated On - June 26, 2026 / 04:43 PM IST

नयी दिल्ली, 26 जून (भाषा) भारतीय वाणिज्यिक वाहन उद्योग की थोक बिक्री चालू वित्त वर्ष (2026-27) में सालाना आधार पर चार से छह प्रतिशत बढ़ने की संभावना है। रेटिंग एजेंसी इक्रा ने शुक्रवार को यह अनुमान जताया।

इक्रा ने कहा कि पिछले वित्त वर्ष 2025-26 के उच्च तुलनात्मक आधार का इस वित्त वर्ष की वृद्धि दर पर कुछ असर पड़ सकता है।

इक्रा ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि मध्यम और भारी वाणिज्यिक वाहन (ट्रक) खंड की थोक बिक्री में एक से तीन प्रतिशत तथा हल्के वाणिज्यिक वाहन (ट्रक) खंड में छह से आठ प्रतिशत की वृद्धि होने का अनुमान है। वहीं, बस खंड की बिक्री सात से नौ प्रतिशत बढ़ सकती है।

रिपोर्ट के अनुसार, घरेलू वाणिज्यिक वाहन उद्योग की थोक बिक्री के वित्त वर्ष 2026-27 में सालाना आधार पर चार से छह प्रतिशत की मध्यम वृद्धि दर्ज करने का अनुमान है।

इक्रा ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 के उच्च तुलनात्मक आधार का चालू वित्त वर्ष की वृद्धि की रफ्तार पर कुछ असर पड़ सकता है।

रेटिंग एजेंसी के अनुसार, बुनियादी ढांचा क्षेत्र पर लगातार हो रहे खर्च, माल ढुलाई गतिविधियों में सुधार और पुराने वाहनों के प्रतिस्थापन की मांग से बिक्री को बल मिलेगा। हालांकि, ईंधन की बढ़ती कीमतें और वाहन वित्तपोषण से जुड़ी चुनौतियां उद्योग के लिए प्रमुख बाधाएं बनी रहेंगी।

इक्रा ने कहा कि मई, 2026 में वाणिज्यिक वाहनों की थोक बिक्री सालाना आधार पर 13.5 प्रतिशत बढ़ी। हालांकि मासिक आधार पर इसमें 1.1 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

इसी महीने घरेलू बाजार में वाणिज्यिक वाहनों की खुदरा बिक्री सालाना आधार पर 5.3 प्रतिशत बढ़ी, लेकिन अप्रैल की तुलना में इसमें 18.3 प्रतिशत की गिरावट आई।

रिपोर्ट के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में वाणिज्यिक वाहनों की खुदरा बिक्री में वृद्धि शहरी क्षेत्रों की तुलना में अधिक रही। इससे संकेत मिलता है कि महानगरों से बाहर भी माल ढुलाई की मांग का दायरा लगातार बढ़ रहा है।

भाषा योगेश रमण

रमण