नयी दिल्ली, 27 अगस्त (भाषा) भारत ने दक्षिण अमेरिकी देश चिली के साथ प्रस्तावित व्यापार समझौते पर जारी बातचीत को इसी साल पूरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई है। वाणिज्य विभाग ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल बातचीत की प्रगति की समीक्षा के लिए चिली की यात्रा पर हैं।
अग्रवाल ने चिली की अंतरराष्ट्रीय आर्थिक संबंधों की उप-मंत्री पाउला एस्टेवेज वेनस्टीन के साथ बैठक में दोनों देशों के संबंधों को और अधिक मजबूत करने तथा व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (सीईपीए) के जरिये व्यापार एवं निवेश के वास्तविक अवसर पैदा करने पर जोर दिया।
वाणिज्य विभाग ने सोशल मीडिया मंच पर पोस्ट में कहा, “द्विपक्षीय व्यापार लगातार बढ़ रहा है और भारत इस साल के भीतर बातचीत पूरी करने के लिए प्रतिबद्ध है। समझौते के परिणाम समान, व्यावसायिक रूप से सार्थक और दोनों देशों के कारोबार के लिए लाभकारी होने चाहिए।”
भाषा यासिर अजय
अजय