गोंडा/बलरामपुर (उप्र), 27 अगस्त (भाषा) केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री और गोंडा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद कीर्तिवर्द्धन सिंह ने नेपाल में आई भीषण बाढ़ में लोगों की मौत और भारतीय पर्यटकों के लापता होने पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि भारत सरकार राहत एवं बचाव के हरसंभव प्रयास में जुटी है।
सिंह ने एक स्थानीय कार्यक्रम के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि नेपाल भारत का मित्र देश है और नेपाल में जब भी ऐसी आपदा आई है, भारत ने बढ़-चढ़कर राहत एवं बचाव अभियान चलाया है और खाद्यान्न, दवाएं तथा स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं।
उन्होंने कहा कि इस बार भी भारत का राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) वहां पहुंच चुका है और लापता लोगों की तलाश की जा रही है।
सिंह ने कहा कि नेपाल में हुई घटना बेहद दुखद है और उसमें बड़ी संख्या में भारतीय पर्यटकों के लापता होने की सूचना है जिन्हें खोजने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
नेपाल में बाढ़ के मद्देनजर भारत के सीमावर्ती जिलों में सतर्कता के सवाल पर सिंह ने कहा कि नदियों के जलस्तर और बदलते मौसम पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने कहा कि लखीमपुर खीरी, गोंडा, बहराइच और महराजगंज जैसे सीमावर्ती जिलों में नेपाल से पानी छोड़े जाने से पहले सूचना देने की व्यवस्था है और सिंचाई विभाग को कई दिन पहले जानकारी उपलब्ध कराई जाती है।
इस बीच, बलरामपुर में समाजवादी पार्टी के दफ़्तर में नेपाल आपदा में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए एक शोक सभा आयोजित की गई।
नेपाल की सीमा से सटे गैसड़ी क्षेत्र से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक राकेश यादव ने घोषणा की उनकी पार्टी नेपाल के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री भेजेगी, जिसमें दवाएं, मेडिकल उपकरण, खाने के पैकेट, टेंट, तिरपाल और पीने का पानी शामिल होगा।
उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से अच्छे संबंध हैं और भारत संकट की इस घड़ी में अपने पड़ोसी देश के साथ मजबूती से खड़ा है।
नेपाल में बुधवार को आई विनाशकारी बाढ़ में लगभग 270 लोगों की मृत्यु हो चुकी है जबकि 850 से ज्यादा लोग लापता हैं।
भाषा सं सलीम शफीक
शफीक