कच्चे तेल का वायदा भाव 10,888 रुपये प्रति बैरल के रिकॉर्ड स्तर पर, डब्ल्यूटीआई 116 डॉलर के पार
कच्चे तेल का वायदा भाव 10,888 रुपये प्रति बैरल के रिकॉर्ड स्तर पर, डब्ल्यूटीआई 116 डॉलर के पार
नयी दिल्ली, सात अप्रैल (भाषा) कच्चे तेल का वायदा भाव मंगलवार को 300 रुपये की बढ़त के साथ 10,888 रुपये प्रति बैरल के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। आपूर्ति को लेकर लगातार चिंताओं एवं पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव के कारण कीमतों में यह तेजी आई।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर अप्रैल में आपूर्ति वाले कच्चे तेल के अनुबंध का भाव 300 रुपये या 2.83 प्रतिशत चढ़कर अपने अब तक के सबसे उच्च स्तर 10,888 रुपये प्रति बैरल पर पहुंच गया।
इसी तरह मई में आपूर्ति वाले अनुबंध की कीमत एमसीएक्स पर 170 रुपये या 1.82 प्रतिशत की बढ़त के साथ 9,485 रुपये प्रति बैरल के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई।
विश्लेषकों के अनुसार वैश्विक आपूर्ति के जटिल हालात और ऊर्जा निर्यात के लिए महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अनिश्चितता के कारण कच्चे तेल की कीमतें बढ़ रही हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के बाद यह तेजी आई, क्योंकि व्यापारियों को आपूर्ति में संभावित बाधा और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को लेकर चिंता बनी हुई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में मई में आपूर्ति वाले वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) कच्चे तेल का वायदा भाव 4.14 डॉलर या 3.7 प्रतिशत की बढ़त के साथ 116.55 डॉलर प्रति बैरल हो गया। वहीं ब्रेंट तेल के जून में आपूर्ति वाले अनुबंध की कीमत 1.5 प्रतिशत चढ़कर 111.40 डॉलर प्रति बैरल हो गई।
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


