मुंबई, 10 मार्च (भाषा) स्थानीय शेयर बाजारों में मंगलवार को दो दिन से जारी भारी गिरावट पर अंकुश लगा और बीएसई सेंसेक्स 640 अंक के लाभ में रहा, जबकि एनएसई निफ्टी में 233 अंक की तेजी रही। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के जल्द समाप्त होने के संकेत के बीच कच्चे तेल के दाम में नरमी और दुनिया के अन्य प्रमुख बाजारों में तेजी से घरेलू बाजार पर सकारात्मक असर हुआ।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 639.82 अंक यानी 0.82 प्रतिशत बढ़कर 78,205.98 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 960.09 अंक चढ़कर 78,526.25 अंक पर पहुंच गया था।
वहीं पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 233.55 अंक यानी 0.97 प्रतिशत चढ़कर 24,261.60 अंक पर बंद हुआ।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 9.03 प्रतिशत टूटकर 90.26 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंटरग्लोब एविएशन, मारुति, आईसीआईसीआई बैंक, एशियन पेंट्स और अल्ट्राटेक सीमेंट प्रमुख रूप से लाभ में रहीं।
दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में इटर्नल, इन्फोसिस, रिलायंस इंडस्ट्रीज और भारती एयरटेल शामिल हैं।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयानों से युद्ध के समाप्त होने संकेत के बाद कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी गिरावट से वैश्विक बाजार की धारणा में सुधार आया। इससे दलाल स्ट्रीट में भी सकारात्मक रुझान देखने को मिला। व्यापक बाजारों ने मानक सूचकांकों से बेहतर प्रदर्शन किया और अधिकांश क्षेत्रों में सकारात्मक रुख रहा।’’
छोटी कंपनियों से जुड़े बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट इंडेक्स में 1.91 प्रतिशत और मझोली कंपनियों के मिडकैप सेलेक्ट इंडेक्स में 1.71 प्रतिशत की तेजी आई।
ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा, ‘‘पश्चिम एशिया में जारी तनाव कम होने के संकेतों के बाद बाजार में उछाल आया। अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान युद्ध के शीघ्र समाप्त होने के संकेत दिए हैं। इस घटनाक्रम ने दुनिया में बढ़ रहे तनाव को लेकर चिंताओं को कम किया और वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट लाकर जोखिम धारणा को स्थिर करने में मदद की।’’
एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की बढ़त में रहे। चीन के शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग के हैंग सेंग में भी मजबूती रही।
यूरोप के बाजार भी दोपहर के कारोबार में बढ़त में थे। सोमवार को अमेरिकी बाजार भी बढ़त के साथ बंद हुए थे।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 6,345.57 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 9,013.80 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
सेंसेक्स सोमवार को 1,352.74 अंक टूटकर 77,566.16 अंक पर रहा था जबकि एनएसई निफ्टी 422.40 अंक की गिरावट के साथ 24,028.05 अंक पर बंद हुआ था।
भाषा रमण अजय
अजय