नयी दिल्ली, 24 जुलाई (भाषा) देश की प्रमुख अस्पताल श्रृंखलाओं में शामिल मणिपाल हेल्थ एंटरप्राइजेज लिमिटेड का 9,275 करोड़ रुपये का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 29 जुलाई को खुलेगा।
शुक्रवार को जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार, आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 560-590 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर कंपनी का मूल्यांकन 77,600 करोड़ रुपये से अधिक बैठता है।
बेंगलुरु स्थित कंपनी के प्रस्तावित आईपीओ में 8,000 करोड़ रुपये तक के नए शेयर और मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 2.16 करोड़ तक के शेयर की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है।
कंपनी इस निर्गम से प्राप्त राशि में से 5,378 करोड़ रुपये का उपयोग अपनी अनुषंगी कंपनी मणिपाल हॉस्पिटल्स प्राइवेट लिमिटेड के कर्ज के पुनर्भुगतान या अग्रिम भुगतान के लिए करेगी। इसके अलावा, 574 करोड़ रुपये का उपयोग अनुषंगी कंपनी की अनुषंगी सह्याद्रि हॉस्पिटल्स प्राइवेट लिमिटेड में अल्पांश हिस्सेदारी के अधिग्रहण के लिए किया जाएगा। शेष राशि का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए होगा।
आईपीओ 29 जुलाई को खुलेगा और 31 जुलाई को बंद होगा जबकि बड़े (एंकर) निवेशक 28 जुलाई को बोली लगा पाएंगे।
कंपनी के शेयर पांच अगस्त के आसपास बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध हो सकते हैं।
भाषा निहारिका
निहारिका