क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन ने गुजरात में 31 एकड़ भूमि खरीदी, कृषि-रसायन संयंत्र में करेगी 100 करोड़ रुपये का निवेश

Ads

क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन ने गुजरात में 31 एकड़ भूमि खरीदी, कृषि-रसायन संयंत्र में करेगी 100 करोड़ रुपये का निवेश

  •  
  • Publish Date - February 10, 2026 / 11:39 AM IST,
    Updated On - February 10, 2026 / 11:39 AM IST

नयी दिल्ली, 10 फरवरी (भाषा) कृषि-रसायन क्षेत्र की कंपनी क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन ने गुजरात के झगड़िया में कर्ल-ऑन लिमिटेड से 31.06 एकड़ भूमि एवं संपत्तियां खरीदी हैं, जहां वह नया विनिर्माण संयंत्र स्थापित करेगी।

कंपनी ने मंगलवार को बयान में कहा कि वह अगले तीन वर्ष में कृषि-रसायन फॉर्मूलेशन एवं प्रौद्योगिकी उत्पादों के लिए पूरी तरह स्वचालित संयंत्र बनाने पर 100 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।

इस इकाई की प्रारंभिक उत्पादन क्षमता सालाना 50,000 टन होगी जिसे बढ़ती मांग को देखते हुए 1,20,000 टन तक बढ़ाया जा सकेगा।

कंपनी के अनुसार, इस संयंत्र में खरपतवारनाशी, फफूंदनाशी और कीटनाशी उत्पाद बनाए जाएंगे। इनका लक्ष्य घरेलू बाजार के साथ-साथ एशिया और अफ्रीका के निर्यात अवसर होंगे। इनमें ‘टॉपर’, ‘टिल्ट’, ‘प्रोक्लेम’, ‘मिसाइल’ और ‘एसीएम-9’ जैसे उत्पाद शामिल हैं।

क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन के कार्यकारी चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अंकुर अग्रवाल ने कहा, ‘‘ भरूच जिले के झगड़िया में यह नया विश्वस्तरीय विनिर्माण संयंत्र हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।’’

कंपनी ने बताया कि गुजरात की किफायती लागत, नियामकीय स्थिरता और मजबूत आपूर्ति श्रृंखला के कारण इस राज्य को प्राथमिक स्थान के रूप में चुना गया।

झगड़िया स्थित संयंत्र को दहेज, हजीरा और जेएनपीटी जैसे प्रमुख बंदरगाहों तक आसान पहुंच मिलेगी। साथ ही, रसायन विनिर्माण एवं निर्यात के लिए देश के प्रमुख केंद्र के रूप में गुजरात की स्थिति से भी इसे लाभ होगा।

भाषा निहारिका

निहारिका