नयी दिल्ली, 24 जुलाई (भाषा) सीमेंट बनाने वाली कंपनी डालमिया भारत लिमिटेड का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में सालाना आधार पर 51.4 प्रतिशत घटकर 192 करोड़ रुपये रहा।
डालमिया भारत ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 की अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 395 करोड़ रुपये था।
वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी की परिचालन आय सात प्रतिशत बढ़कर 3,890 करोड़ रुपये हो गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 3,636 करोड़ रुपये थी।
डालमिया भारत ने कहा कि अप्रैल-जून तिमाही में उसे 182 करोड़ रुपये का असाधारण नुकसान हुआ। इसमें कर्ज में डूबी जयप्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड (जेएएल) की शेष सीमेंट परिसंपत्तियों के अधिग्रहण से संबंधित 177 करोड़ रुपये की लागत शामिल है।
कंपनी ने कहा कि यह लागत अधिग्रहण सौदे से जुड़ी एकमुश्त और विशेष प्रकृति की होने तथा वित्तीय परिणामों पर इसके महत्वपूर्ण प्रभाव को देखते हुए इसे 30 जून, 2026 को समाप्त तिमाही के वित्तीय परिणामों में असाधारण मद के रूप में दर्शाया गया है।
असाधारण मदों और कर से पहले कंपनी का लाभ सालाना आधार पर 13.14 प्रतिशत घटकर 436 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 502 करोड़ रुपये था।
अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी की बिक्री मात्रा नौ प्रतिशत बढ़कर 76 लाख टन हो गई।
इस दौरान कंपनी का कुल खर्च सालाना आधार पर 12.9 प्रतिशत बढ़कर 3,593 करोड़ रुपये हो गया।
जबकि कुल आय 9.33 प्रतिशत बढ़कर 4,029 करोड़ रुपये रही।
कंपनी के अनुसार, प्रति टन कर पूर्व आय सालाना आधार पर 805 रुपये से बढ़कर 1,055 रुपये हो गई।
मुख्य वित्तीय अधिकारी धर्मेंद्र तुतेजा ने कहा, ‘‘राज्यों में विधानसभा चुनावों के कारण अस्थायी व्यवधान के बावजूद कंपनी ने सालाना आधार पर नौ प्रतिशत की मजबूत बिक्री वृद्धि दर्ज की।’’
प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पुनीत डालमिया ने कहा, यह तिमाही मध्य क्षेत्र में सीमेंट परिसंपत्तियों का अधिग्रहण कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे देशभर में अपनी मौजूदगी मजबूत करने के लक्ष्य को गति मिलेगी।’’
भाषा यासिर रमण
रमण