विदेशी मुद्रा भंडार 1.08 अरब डॉलर बढ़कर 676.24 अरब डॉलर पर

Ads

विदेशी मुद्रा भंडार 1.08 अरब डॉलर बढ़कर 676.24 अरब डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - July 24, 2026 / 05:32 PM IST,
    Updated On - July 24, 2026 / 05:32 PM IST

मुंबई, 24 जुलाई (भाषा) देश का विदेशी मुद्रा भंडार 17 जुलाई को समाप्त सप्ताह में 1.08 अरब डॉलर बढ़कर 676.24 अरब डॉलर हो गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के शुक्रवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई।

इससे पिछले सप्ताह में भी विदेशी मुद्रा भंडार 96.4 करोड़ डॉलर बढ़कर 675.16 अरब डॉलर हो गया था।

आरबीआई के आंकड़ों के अनुसार, 27 फरवरी को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर रिकॉर्ड 728.49 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था। हालांकि, पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद रुपये पर दबाव बढ़ा और आरबीआई को डॉलर की बिक्री के जरिये विदेशी मुद्रा बाजार में हस्तक्षेप करना पड़ा, जिससे कई सप्ताह तक भंडार में गिरावट दर्ज की गई।

केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, 17 जुलाई को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का प्रमुख हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियां (एफसीए) 4.55 अरब डॉलर बढ़कर 551.06 अरब डॉलर हो गईं।

डॉलर के संदर्भ में बताई जाने वाली विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखी यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं के मूल्य में होने वाले उतार-चढ़ाव का प्रभाव भी शामिल होता है।

समीक्षाधीन सप्ताह में स्वर्ण भंडार का मूल्य 3.48 अरब डॉलर घटकर 101.75 अरब डॉलर रह गया।

वहीं, विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 4.4 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.67 अरब डॉलर हो गया।

आरबीआई के आंकड़ों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में भारत का आरक्षित कोष 3.2 करोड़ डॉलर घटकर 4.76 अरब डॉलर रहा।

भाषा योगेश रमण

रमण

ताजा खबर