दिल्ली सरकार की ‘ट्विन टावर्स’ सचिवालय परियोजना के लिए वैश्विक निविदा जारी करने की योजना

Ads

दिल्ली सरकार की 'ट्विन टावर्स' सचिवालय परियोजना के लिए वैश्विक निविदा जारी करने की योजना

  •  
  • Publish Date - July 17, 2026 / 08:47 PM IST,
    Updated On - July 17, 2026 / 08:47 PM IST

नयी दिल्ली, 17 जुलाई (भाषा) दिल्ली सरकार आईटीओ में प्रस्तावित नए ‘ट्विन टावर्स’ सचिवालय भवन के निर्माण के लिए वैश्विक निविदा जारी करने की तैयारी कर रही है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

कई वर्ष पहले परिकल्पित इस परियोजना पर अब शुरुआती स्तर पर काम आगे बढ़ रहा है। सरकार की योजना राजधानी में अलग-अलग स्थानों पर स्थित अपने सभी विभागों को एक ही परिसर में लाने की है।

लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने कहा, ‘चर्चा के बाद आईटीओ इस परियोजना के लिए सबसे उपयुक्त स्थान बनकर उभरा है। विशेष रूप से आयकर विभाग के सहयोग से अब हमारे पास बड़ा भूखंड उपलब्ध होने की संभावना है। ट्विन टावर्स परियोजना के लिए हम वैश्विक निविदा जारी करेंगे।’

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के लिए जारी होने वाली वैश्विक निविदा में दुनिया भर की प्रमुख निर्माण कंपनियां हिस्सा ले सकेंगी और अपनी प्रौद्योगिकी तथा विशेषज्ञता उपलब्ध करा सकेंगी।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘आईटीओ स्थित आयकर भवन काफी पुराना हो चुका है। आयकर विभाग ने प्रस्तावित ‘ट्विन टावर्स’ परियोजना के लिए अपनी 4.5 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने पर सहमति जताई है। इसके बदले उसे नए भवन में 10 लाख वर्ग फुट निर्मित क्षेत्र कार्यालय स्थानांतरण के लिए दिया जाएगा।’

अधिकारियों के अनुसार, ट्विन टावर्स परियोजना के लिए कई मॉडल प्रस्तावित किए गए हैं। पहले छह स्थानों को सूचीबद्ध किया गया था, जिनमें से भूमि की उपलब्धता की दृष्टि से आईटीओ सबसे उपयुक्त पाया गया।

मंत्री ने कहा, ‘दिल्ली सरकार के पास आईटीओ में पीडब्ल्यूडी भवन और विकास भवन के रूप में लगभग 13 एकड़ भूमि उपलब्ध है। विकास भवन और पीडब्ल्यूडी भवन विकास मार्ग के दोनों ओर स्थित हैं। यदि योजना के अनुरूप आयकर विभाग की 4.5 एकड़ भूमि भी उपलब्ध हो जाती है, तो आईटीओ में ट्विन टावर्स का निर्माण किया जा सकता है, जिन्हें स्काईवॉक के जरिए आपस में जोड़ा जाएगा।’

भाषा योगेश रमण

रमण