नयी दिल्ली, 17 जुलाई (भाषा) जियो प्लेटफॉर्म्स का वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में शुद्ध लाभ 9.2 प्रतिशत बढ़कर 7,764 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी ने कहा कि ग्राहक बाजार हिस्सेदारी में लगातार बढ़ोतरी, प्रति उपयोगकर्ता औसत आय (एआरपीयू) में वृद्धि और डिजिटल सेवाओं की बिक्री के कारण कंपनी का लाभ बढ़ा है।
डिजिटल और दूरसंचार कारोबार वाली कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड (जेपीएल) ने वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 7,110 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
कंपनी ने शुक्रवार को बताया कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में उसकी परिचालन आय 11.8 प्रतिशत बढ़कर 39,173 करोड़ रुपये हो गई, जो 2025-26 की समान तिमाही में 35,032 करोड़ रुपये थी।
समीक्षाधीन तिमाही में जियो प्लेटफॉर्म्स का प्रति उपयोगकर्ता औसत राजस्व (एआरपीयू) 3.3 प्रतिशत बढ़कर 215.6 रुपये हो गया।
कंपनी ने कहा कि बेहतर ग्राहक मिश्रण और अनुकूल मौसमी परिस्थितियों से इसमें वृद्धि हुई। हालांकि, फिक्स्ड ब्रॉडबैंड ग्राहकों के लिए प्रचार योजनाओं का इसका कुछ असर रहा।
वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में कंपनी का एआरपीयू 208.8 रुपये था।
कंपनी का ग्राहक आधार सालाना आधार पर 7.1 प्रतिशत बढ़कर 53.3 करोड़ हो गया, जो 2025-26 की समान तिमाही में 49.8 करोड़ था।
भाषा योगेश रमण
रमण