एआई को अपनाकर विकासशील देश करोड़ों लोगों की जिंदगी बना सकते हैं बेहतरः विश्व बैंक
एआई को अपनाकर विकासशील देश करोड़ों लोगों की जिंदगी बना सकते हैं बेहतरः विश्व बैंक
(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, चार अगस्त (भाषा) विश्व बैंक ने मंगलवार को विकासशील देशों से स्वास्थ्य, शिक्षा और न्यायिक सेवाओं में सुधार लाकर करोड़ों लोगों तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाने के लिए कृत्रिम मेधा (एआई) को अपनाने और स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप कम लागत वाले एआई टूल के इस्तेमाल का आह्वान किया।
विश्व बैंक ने एआई पर केंद्रित ‘विश्व विकास रिपोर्ट 2026’ में कहा कि एआई विकासशील देशों को वह काम एक दशक में करने में सक्षम बना सकता है, जिसमें सामान्यतः एक सदी लग सकती है। हालांकि, इसके लिए जरूरी है कि सरकारें बिजली, संपर्क, कौशल और संस्थागत गुणवत्ता से जुड़ी कमियों को तेजी से दूर करें।
विश्व बैंक समूह के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और मुख्य अर्थशास्त्री इंदरमित गिल ने कहा, “एआई ने विकासशील अर्थव्यवस्थाओं के लिए जीवनरेखा प्रदान की है और उन्हें इसका लाभ उठाना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि स्थानीय जरूरतों के अनुरूप छोटे और किफायती एआई टूल को अपनाकर स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, न्यायिक सेवाओं और कृषि विस्तार सेवाओं को बड़े पैमाने पर लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।
रिपोर्ट कहती है कि उच्च आय वाले देशों में एआई के कारण नौकरियों के स्वचालन के जोखिम में आने की आशंका विकासशील देशों की तुलना में तिगुने से भी अधिक है। निम्न और मध्यम आय वाले देशों में जहां 4.5 प्रतिशत नौकरियों को एआई का जोखिम है, वहीं उच्च आय वाले देशों में यह आंकड़ा 14.2 प्रतिशत है।
इसका एक पहलू यह भी है कि विकासशील अर्थव्यवस्थाओं में 16.2 प्रतिशत नौकरियों की उत्पादकता एआई से बढ़ सकती है, जो उच्च आय वाले देशों (18.7 प्रतिशत) के करीब है।
रिपोर्ट के मुताबिक, विकासशील देशों के लिए सबसे बड़ा अवसर श्रमिकों की जगह लेने में नहीं, बल्कि उनकी क्षमता बढ़ाने में है।
यह रिपोर्ट विकासशील देशों पर एआई के प्रभाव का पहला व्यापक आकलन है। इसमें बताया गया है कि वहां की सरकारें और व्यवसाय किस तरह एआई का उपयोग शुरू कर चुके हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, एआई पहले से ही लोगों, कंपनियों और सरकारों को समस्याओं के समाधान, सूचना विश्लेषण, पूर्वानुमान सुधार और बड़े पैमाने पर सेवाएं प्रदान करने में मदद कर रहा है।
इसमें सुझाव दिया गया है कि सरकारें कर संग्रह, सामाजिक योजनाओं, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा में सुधार के लिए एआई का उपयोग कर सकती हैं।
रिपोर्ट कहती है, ‘‘विकासशील अर्थव्यवस्थाएं इस समय पिछले तीन दशक के सबसे कमजोर औसत वृद्धि दौर में हैं। लोगों को ठोस लाभ पहुंचाने के साथ एआई 2020 के दशक के अंत तक इस प्रदर्शन को उल्लेखनीय रूप से बेहतर बना सकता है।’’
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय

Facebook


