डीजीजीआई अधिकारियों ने अवैध पान मसाला, तंबाकू निर्माण नेटवर्क का भंडाफोड़ किया
डीजीजीआई अधिकारियों ने अवैध पान मसाला, तंबाकू निर्माण नेटवर्क का भंडाफोड़ किया
नयी दिल्ली, 21 अगस्त (भाषा) माल एवं सेवा कर खुफिया महानिदेशालय (डीजीजीआई) के अधिकारियों ने उत्तर प्रदेश में अवैध रूप से संचालित पान मसाला और तंबाकू निर्माण नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 27 पाउच-पैकिंग मशीनें जब्त की हैं और लगभग 185 करोड़ रुपये की कर चोरी पकड़ी है। वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
डीजीजीआई की लखनऊ क्षेत्रीय इकाई ने उत्तर प्रदेश के चित्रकूट और बांदा जिलों में छह परिसरों में पान मसाला, सुगंधित जर्दा और गुटखा के अवैध विनिर्माण अभियान का भंडाफोड़ किया।
इन परिसरों में 18 अगस्त की आधी रात के आसपास की गई तलाशी के दौरान 27 अघोषित पाउच-पैकिंग मशीनें पकड़ी गईं, जिनमें सुगंधित जर्दा की छह, पान मसाला की नौ और दोहरा/देसी गुटखा की 12 मशीनें शामिल हैं। इसके अलावा मिक्सिंग, सुपारी क्रशिंग और सुखाने वाली मशीनें भी पाई गईं।
इस अभियान के दौरान पान मसाला, चबाने वाले तंबाकू, सुगंधित जर्दा और सुगंधित सुपारी के 15,50,922 तैयार पाउच भी जब्त किए गए। जब्त किए गए कच्चे माल और पैकेजिंग सामग्री में 32.9 टन साबुत तथा कटी सुपारी, 2.8 टन तंबाकू, 8.4 टन पैकिंग सामग्री, 470 किलोग्राम कत्था पाउडर, 850 किलोग्राम ग्लिसरीन, 545 किलोग्राम एसेंस और 256 किलोग्राम खुला पान मसाला शामिल है।
मंत्रालय ने कहा कि अब तक 185 करोड़ रुपये की जीएसटी, उपकर और केंद्रीय उत्पाद शुल्क की चोरी का पता चला है।
भाषा
पाण्डेय रमण
रमण

Facebook


