दिलीप बिल्डकॉन बिजली पारेषण, सौर परियोजनाओं में हिस्सेदारी अल्फा अल्टरनेटिव्स को बेचेगी
दिलीप बिल्डकॉन बिजली पारेषण, सौर परियोजनाओं में हिस्सेदारी अल्फा अल्टरनेटिव्स को बेचेगी
मुंबई, 11 अगस्त (भाषा) बुनियादी ढांचा क्षेत्र की इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण कंपनी दिलीप बिल्डकॉन लि. निर्माणाधीन बिजली पारेषण और सौर परियोजनाओं में अपनी हिस्सेदारी अल्फा अल्टरनेटिव्स फंड एडवाइजर्स एलएलपी को बेचेगी।
कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि यह सौदा नकद और यूनिट के मिश्रित भुगतान के आधार पर होगा।
दिलीप बिल्डकॉन (डीबीएल) के रणनीति प्रमुख रोहन सूर्यवंशी ने मंगलवार को विश्लेषकों के साथ बातचीत में कहा कि अल्फा अल्टरनेटिव्स दोनों परियोजनाओं…मेखाली पावर ट्रांसमिशन और डीबीएल रिन्यूएबल… के निर्माण चरण में डीबीएल के साथ निवेश भी करेगी। वह करीब 49 प्रतिशत इक्विटी जरूरत को पूरा करेगी, जिससे परियोजनाओं के निर्माण के लिए डीबीएल की मूल कंपनी के बही-खाते पर पड़ने वाला पूंजीगत बोझ कम होगा।
उन्होंने कहा कि कंपनी के निदेशक मंडल ने 10 अगस्त को इस प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। यह सौदा दोनों परियोजनाओं की कुल अनुमानित लागत करीब 8,400 करोड़ रुपये के मूल्य पर आधारित है।
सूर्यवंशी ने कहा, ‘‘भुगतान नकद और यूनिट के रूप में किया जाएगा। लेनदेन पूरा होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।’’
उन्होंने कहा कि हिस्सेदारी बेचने का यह कदम डीबीएल के लिए मूल्य सृजन का अवसर है और कंपनी की उस रणनीति के अनुरूप है, जिसके तहत वह कम संपत्ति-आधारित बहु-परियोजना विकास मंच तैयार करना चाहती है। इसका उद्देश्य नियमित नकदी प्रवाह उत्पन्न करना और नए अवसरों में निवेश करना है।
कंपनी के अनुसार, यह सौदा कर्ज कम करने और बही-खाते को मजबूत करने की उसकी कोशिशों के भी अनुकूल है। साथ ही, इससे अल्फा अल्टरनेटिव्स के साथ उसकी मौजूदा दीर्घकालिक साझेदारी और मजबूत होगी।
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


