प्रत्यक्ष कर संग्रह चालू वित्त वर्ष में अबतक 7.1 प्रतिशत बढ़कर 22.8 लाख करोड़ रुपये पर
प्रत्यक्ष कर संग्रह चालू वित्त वर्ष में अबतक 7.1 प्रतिशत बढ़कर 22.8 लाख करोड़ रुपये पर
नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह चालू वित्त वर्ष में 17 मार्च तक 7.1 प्रतिशत बढ़कर लगभग 22.8 लाख करोड़ रुपये रहा। यह वृद्धि कर रिफंड की धीमी गति और कंपनी कर संग्रह में वृद्धि के कारण हुई।
आयकर विभाग के बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, शुद्ध कंपनी कर संग्रह लगभग 13 प्रतिशत बढ़कर 9.68 लाख करोड़ रुपये रहा। वहीं, व्यक्तियों और हिंदू अविभाजित परिवारों (एचयूएफ) सहित गैर-कॉरपोरेट इकाइयों से प्राप्त कर तीन प्रतिशत बढ़कर करीब 11.32 लाख करोड़ रुपये रहा।
प्रतिभूति लेनदेन कर (एसटीटी) संग्रह एक अप्रैल, 2025 से 17 मार्च, 2026 के बीच पांच प्रतिशत बढ़कर 55,717 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 53,095 करोड़ रुपये था।
इस अवधि के दौरान कर रिफंड जारी करने में छह प्रतिशत की गिरावट आई और यह 4.34 लाख करोड़ रुपये रहा।
विभाग ने अग्रिम कर संग्रह के बारे में बताया कि चार किस्तों में अग्रिम कर संग्रह 6.4 प्रतिशत बढ़कर 11.13 लाख करोड़ रुपये रहा।
अग्रिम कर संग्रह की अंतिम किस्त 15 मार्च को समाप्त हुई।
भाषा रमण प्रेम रमण
रमण

Facebook


