पीएलआई स्कीम के विस्तार पर चर्चा जारी, जल्द ही स्थिति साफ होने की उम्मीद: चिराग पासवान

Ads

पीएलआई स्कीम के विस्तार पर चर्चा जारी, जल्द ही स्थिति साफ होने की उम्मीद: चिराग पासवान

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 09:43 PM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 09:43 PM IST

नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (भाषा) खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने मंगलवार को कहा कि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के लिए उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के विस्तार पर चर्चा चल रही है और जल्द ही इस पर स्थिति साफ होने की उम्मीद है।

पासवान ने यहां 16वें सीआईआई खाद्य सुरक्षा पुरस्कार समारोह के दौरान पीटीआई-भाषा से बातचीत में कहा, ‘‘मैं थोड़ा स्वार्थी बनूंगा, मैं चाहता हूं कि इस योजना का विस्तार हो। इसमें सिर्फ मेरा मंत्रालय ही नहीं, बल्कि दूसरे मंत्रालय भी शामिल हैं। आखिरकार, यह एक नीतिगत फैसला होगा। हम अभी चर्चा की प्रक्रिया में हैं… जल्द ही इस पर स्थिति साफ हो जाएगी।’’

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सरकार इस बात का मूल्यांकन कर रही है कि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के लिए पीएलआई स्कीम का विस्तार किया जाए या नहीं, क्योंकि इस कार्यक्रम के तहत पिछले छह सालों में 22 राज्यों में 9,207 करोड़ रुपये का निवेश आया है।

यह योजना इस वित्तवर्ष में समाप्त होने वाली है। इसे वित्त वर्ष 2021-22 में 10,900 करोड़ रुपये के बजटीय आवंटन के साथ शुरू किया गया था। खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय ने बताया कि इस योजना से प्रति वर्ष 34 लाख टन प्रसंस्करण क्षमता बढ़ी है और 3,29,000 नौकरियां पैदा हुई हैं।

हालांकि, संयुक्त सचिव डी. प्रवीण ने इस महीने की शुरुआत में कहा था, ‘‘अभी इस पर कोई प्रस्ताव नहीं है। मूल्यांकन किया जा रहा है। न तो कोई प्रस्ताव है और न ही उद्योग जगत की ओर से कोई मांग है।’’

इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पासवान ने कहा कि चाहे वह घरेलू स्तर पर हो या वैश्विक स्तर पर, भारत ने खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र की क्षमता का पूरी तरह से उपयोग नहीं किया है। उन्होंने उद्योग जगत से इस क्षेत्र का विस्तार करने का आह्वान किया।

भाषा राजेश राजेश रमण

रमण