डिक्सन टेक्नोलॉजीज की एयरोस्पेस, रक्षा, चिकित्सा इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में प्रवेश की योजना

Ads

डिक्सन टेक्नोलॉजीज की एयरोस्पेस, रक्षा, चिकित्सा इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में प्रवेश की योजना

  •  
  • Publish Date - September 4, 2026 / 09:00 PM IST,
    Updated On - September 4, 2026 / 09:00 PM IST

नयी दिल्ली, चार सितंबर (भाषा) डिक्सन टेक्नोलॉजीज (इंडिया) लिमिटेड वृद्धि के अपने अगले चरण के तहत एयरोस्पेस, रक्षा, ऑटोमोटिव, चिकित्सा और औद्योगिक कार्यक्षेत्रों में उच्च-मूल्य वाले उत्पाद क्षेत्रों में प्रवेश करने पर विचार कर रही है।

कंपनी के निदेशक और मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) सौरभ गुप्ता ने वित्त वर्ष 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट में शेयरधारकों को दिए अपने संदेश में यह बात कही।

गुप्ता ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माता कंपनी इन कार्यक्षेत्रों में ”उच्च-वृद्धि, उच्च-मूल्य वाले उत्पाद अवसरों की पहचान” कर रही है। उन्होंने कहा कि कंपनी डिक्सन को ”वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी विनिर्माण मंच” के रूप में विकसित करने की गति को तेज करने के लिए पूंजी आवंटन, प्रतिभा विकास और रणनीतिक साझेदारी तक फैले एक क्षमता मसौदे और निष्पादन ढांचे को तैयार कर रही है।

सीएफओ ने कहा कि 2026-27 में डिक्सन की प्राथमिकताओं में आईटी हार्डवेयर, दूरसंचार और मोबाइल में अपने संयुक्त उद्यम को मजबूत करना और निर्यात बढ़ाना शामिल है।

गुप्ता ने कहा कि कंपनी की डिस्प्ले और कैमरा मॉड्यूल सुविधाओं के चरणबद्ध विस्तार से मार्जिन में क्रमिक सुधार होने की उम्मीद है। कंपनी ऑप्टिकल ट्रांसीवर के निर्माण के लिए ताइवान की जेमटेक टेक्नोलॉजी के साथ 60:40 के अनुपात में प्रस्तावित संयुक्त उद्यम पर भी काम कर रही है।

भाषा पाण्डेय रमण

रमण