डीएमआरसी की नजर विदेशी मेट्रो परियोजनाओं पर, अनुषंगी कंपनी का गठन किया

Ads

डीएमआरसी की नजर विदेशी मेट्रो परियोजनाओं पर, अनुषंगी कंपनी का गठन किया

  •  
  • Publish Date - March 6, 2026 / 04:11 PM IST,
    Updated On - March 6, 2026 / 04:11 PM IST

(श्रुति भारद्वाज)

नयी दिल्ली, छह मार्च (भाषा) दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने एक नई अनुषंगी कंपनी दिल्ली मेट्रो इंटरनेशनल लिमिटेड (डीएमआईएल) का गठन किया है। इसका मकसद विदेश में मेट्रो रेल परियोजनाओं के लिए बोली लगाना और अपनी परामर्श तथा संबंधित शहरी परिवहन सेवाओं का विस्तार करना है।

एक अधिकारी ने बताया कि नई कंपनी का गठन भारत के बाहर मेट्रो रेल योजना, निर्माण और संचालन में डीएमआरसी की विशेषज्ञता का विस्तार करने और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में व्यावसायिक अवसरों की तलाश करने के लिए किया गया है।

उन्होंने कहा कि यह अनुषंगी कंपनी डीएमआरसी को दूसरे देशों के शहरों में मेट्रो रेल परियोजनाओं के लिए सीधे बोली लगाने और शहरी परिवहन प्रणालियों से संबंधित परामर्श कार्य करने में सक्षम बनाएगी।

अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘डीएमआरसी पहले ही विदेश में अवसरों की तलाश कर रही है और इस समय बांग्लादेश के ढाका में एक मेट्रो परियोजना से जुड़ी है, जहां वह तकनीकी सहायता और परामर्श दे रही है।’’

दिल्ली मेट्रो के अनुसार, उसने इजरायल में तेल अवीव मेट्रो परियोजना के निर्माण के लिए बोली-पूर्व प्रक्रिया में पात्रता हासिल कर ली है। इसके अलावा, डीएमआरसी मिस्र के अलेक्जेंड्रिया, वियतनाम के हो ची मिन्ह सिटी और मॉरीशस जैसी अन्य अंतरराष्ट्रीय मेट्रो परियोजनाओं के लिए भी बोली लगाने की प्रक्रिया में है।

अधिकारी के अनुसार, विदेशी परियोजनाओं को सुव्यवस्थित करने के लिए, डीएमआईएल मुख्य रूप से परामर्श सेवाओं, मास रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (एमआरटीएस) से संबंधित गतिविधियों और शहरी परिवहन परियोजनाओं से जुड़े व्यावसायिक कार्यों पर ध्यान केंद्रित करेगी।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय