नयी दिल्ली, छह मार्च (भाषा) स्विगी के फूड मार्केटप्लेस मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रोहित कपूर ने शुक्रवार को कहा कि भारत खाद्य डिलिवरी के लिए सबसे कम पहुंच वाले बाजार में से एक है, जो आगे बढ़ने के लिए काफी गुंजाइश देता है।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से पहले पीटीआई-भाषा को दिए एक साक्षात्कार में, कपूर ने बताया कि स्विगी की महिला डिलिवरी राइडर्स बढ़ रही हैं।
कपूर ने कहा, ‘‘खाद्य वस्तुओं की डिलिवरी में भारत अभी भी सबसे कम पहुंच रखने वाला बाजार है। आप कोई भी मानक लें, आप देखेंगे कि हम न सिर्फ पश्चिम के औसत से नीचे हैं, बल्कि हम कुछ दक्षण-पूर्व एशियाई देशों से भी नीचे हैं। इसलिए लंबे समय में आगे बढ़ने की काफी गुंजाइश है। भारत का 90 प्रतिशत हिस्सा अभी भी फूड डिलिवरी का अनुभव करने से वंचित है।
उन्होंने कहा कि फ़ूड डिलिवरी मंच फ़ायदेमंद बना हुआ है, ‘‘हम निश्चित रूप से सही क्षेत्र में निवेश पर नज़र रखेंगे जो वृद्धि के लिए अगले मौके बनाते हैं।’’
फ़ूड डिलिवरी और क्विक कॉमर्स की बड़ी कंपनी स्विगी, जो इंस्टामार्ट की मालिक है, का दिसंबर में समाप्त तीसरी तिमाही में घाटा बढ़ गया था।
कपूर ने पाया कि स्विगी के पास उन शहरों में ज़्यादा महिला डिलिवरी राइडर हैं जहाँ महिलाएं बहुत ज़्यादा दोपहिया वाहन चलाती हैं, जैसे कि चंडीगढ़, गुजरात के कुछ हिस्से और दक्षिण भारत।
वह ‘शी द चेंज’ के मौके पर बोल रहे थे, यह एक पहल है जो उन महिलाओं पर केंद्रित है, जो भारत के खाने-पीने और व्यवसाय के माहौल को फिर से बदल रही हैं। पर्यटन और संस्कृति मंत्री, गजेंद्र सिंह शेखावत इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि थे।
मंत्री ने कहा, ‘‘महिला नीत कारोबार भारत के आगे बढ़ने के लिए बहुत ज़रूरी हैं, और उन्हें सिर्फ़ बड़े शहरों से आगे बढ़कर अलग-अलग उद्योग में फलते-फूलते देखना प्रेरणा देने वाला है। महिला उद्यमियों के साथ साझेदारी करने और उन्हें मज़बूत बनाने वाले संगठन, समावेशी आर्थिक वृद्धि के लिए ज़रूरी हैं।’’
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय