मुंबई, दो अप्रैल (भाषा) घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में दो प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई तेज करने की चेतावनी के बाद बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने से बाजारों में गिरावट और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है।
इसके अलावा विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी ने भी घरेलू शेयर बाजारों की कमजोरी को और बढ़ा दिया।
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 1,433.72 अंक या 1.96 प्रतिशत टूटकर 71,700.60 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 445.70 अंक या 1.97 प्रतिशत फिसलकर 22,233.70 अंक पर पहुंच गया।
सेंसेक्स में शामिल सभी 30 कंपनियों के शेयर गिरावट में रहे। सन फार्मास्युटिकल्स, इंडिगो, अदाणी पोर्ट्स, इटर्नल, लार्सन एंड टुब्रो, एशियन पेंट्स, एनटीपीसी, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, ट्रेंट, कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक और पावरग्रिड के शेयर में सबसे अधिक गिरावट आई।
एशियाई बाजारों में व्यापक गिरावट देखी गई। दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 4.31 प्रतिशत, जापान का निक्की 225 2.24 प्रतिशत, हांगकांग का हैंग सेंग 1.04 प्रतिशत और चीन का एसएसई कम्पोजिट 0.53 प्रतिशत टूटा।
अमेरिकी बाजार बुधवार को काफी तेजी के साथ बंद हुए थे।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 4.44 प्रतिशत की बढ़त के साथ 105.65 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को बिवकाल रहे थे और उन्होंने 8,331.15 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
बीएसई सेंसेक्स बुधवार को 1,186.77 अंक की बढ़त और एनएसई निफ्टी 348 अंक चढ़कर बंद हुआ था।
भाषा निहारिका
निहारिका