कच्चे तेल की ऊंची कीमतों,बढ़ते वैश्विक तनाव से घरेलू शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में गिरावट

कच्चे तेल की ऊंची कीमतों,बढ़ते वैश्विक तनाव से घरेलू शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में गिरावट

कच्चे तेल की ऊंची कीमतों,बढ़ते वैश्विक तनाव से घरेलू शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में गिरावट
Modified Date: August 25, 2026 / 10:19 am IST
Published Date: August 25, 2026 10:19 am IST

मुंबई, 25 अगस्त (भाषा) सेंसेक्स और निफ्टी में मंगलवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। अमेरिका-ईरान गतिरोध फिर से बढ़ने और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई है।

बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 30 अंक टूटकर 77,336.32 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 38.80 अंक की गिरावट के साथ 24,179.50 अंक पर रहा। बाद में दोनों सूचकांकों में और गिरावट आई। सेंसेक्स 139.96 अंक टूटकर 77,235.23 अंक पर और निफ्टी 66.75 अंक की गिरावट के साथ 24,162.50 अंक पर कारोबार करने लगा।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, मारुति, एनटीपीसी, पावर ग्रिड और बजाज फाइनेंस के शेयर सबसे अधिक गिरावट में रहे। वहीं ट्रेंट, अदाणी पोर्ट्स, आईसीआईसीआई बैंक और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर में सबसे अधिक बढ़त रही।

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में कारोबार कर रहे हैं जबकि जापान का निक्की 225 बढ़त में रहा।

अमेरिकी बाजार सोमवार को गिरावट में बंद हुए थे।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल वायदा कारोबार में 0.35 प्रतिशत चढ़कर 92.49 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को शुद्ध रूप से 1,181.66 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

सेंसेक्स सोमवार को 171.72 अंक और निफ्टी 32.95 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ था।

भाषा निहारिका

निहारिका


लेखक के बारे में